डेस्क। आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे शानदार प्रदर्शन में से एक करने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय टीम के साथ खिताबी जीत का जमकर जश्न मनाया। शुक्रवार को इंग्लैंड को 100 रनों से जीत के साथ भारत ने एतिहासिक छठी बार अंडर19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के बाद जहां देश भर में खुशी का माहौल था तो वहीं युवा टीम इंडिया ने भी जमकर जश्न मनाया। वैभव ने भी अपने साथियों के साथ जोरदार डांस किया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने शेयर किया वीडियो
Ek Bihari, sab pe bhaari 🔥😂 pic.twitter.com/h3gu8nA8yI
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) February 6, 2026
राजस्थान रॉयल्स के एक्स अकाउंट से भारतीय टीम के जश्न मनाने के वीडियो शेयर किए गए हैं, जिसमें वैभव सूर्यवंशी बेहद खुश नजर आ रहे हैं और हंसते हुए कह रहे हैं कि पंजाबी गाना समझ में नहीं आ रहा है। भोजपुरी लगेगा। इसके बाद एक बेफिक्र सेलिब्रेशन हुआ, जिसमें युवा टीम ने भोजपुरी गाने पर दिल खोलकर डांस किया और उस पल का पूरा मजा लिया।
सूर्यवंशी ने खेली यादगार पारी
सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में एक यादगार पारी खेली, उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन बनाए, जिसमें 15 छक्के और उतने ही चौके शामिल थे, जिसके दम पर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस हमले से पस्त इंग्लैंड आखिरकार 311 रनों पर ऑल आउट हो गई, जिसमें कैलेब फाल्कनर के 67 गेंदों में 115 रन सिर्फ हार के अंतर को कम कर पाए।
‘मुझे अपनी स्किल्स पर भरोसा’
फाइनल में अपने अप्रोच के बारे में बात करते हुए सूर्यवंशी ने कहा कि उन्होंने अपनी सहज प्रवृत्ति पर भरोसा किया। पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में सूर्यवंशी ने कहा कि मुझे अपनी स्किल्स पर भरोसा था कि मैं बड़े मैचों में योगदान दे सकता हूं और ऐसा ही हुआ। उन्होंने कहा कि हम ज्यादा दबाव नहीं ले रहे थे। हमने बस सोचा कि हमने टूर्नामेंट में कैसा अच्छा प्रदर्शन किया है, हम बस अपनी प्रक्रिया का पालन करेंगे और अपना स्वाभाविक खेल खेलेंगे।
‘सिर्फ खिलाड़ी ही जानते हैं कि हमने…’
सूर्यवंशी को फाइनल का प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट दोनों खिताब से नवाजा गया। इस दौरान ने लंबी तैयारी पर जोर देते हुए कहा कि तैयारी सिर्फ एशिया कप (जो भारत पिछले साल दुबई में पाकिस्तान से हार गया था) के दौरान ही नहीं, बल्कि पिछले 8-9 महीनों से अच्छी रही है। सिर्फ खिलाड़ी ही जानते हैं कि हमने उस दौरान कितनी कड़ी मेहनत की है।