Home » पश्चिम बंगाल » “अगर गाड़ी से उतार लेते, तो मार ही देते”: हमले के बाद बोले खगेन मुर्मू, केंद्र ने बढ़ाई सुरक्षा

“अगर गाड़ी से उतार लेते, तो मार ही देते”: हमले के बाद बोले खगेन मुर्मू, केंद्र ने बढ़ाई सुरक्षा

मालदा। पश्चिम बंगाल के मालदा उत्तर से बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू पर जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा में दौरे के दौरान हमला हुआ। इस हमले में उनके साथ मौजूद बीजेपी विधायक शंकर घोष भी घायल हुए। फिलहाल खगेन मुर्मू सिलीगुड़ी के. . .

मालदा। पश्चिम बंगाल के मालदा उत्तर से बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू पर जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा में दौरे के दौरान हमला हुआ। इस हमले में उनके साथ मौजूद बीजेपी विधायक शंकर घोष भी घायल हुए। फिलहाल खगेन मुर्मू सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं और पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं।

हमलावरों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की

अस्पताल से बयान देते हुए खगेन मुर्मू ने आरोप लगाया कि हमलावर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ता थे। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने खुद को “दीदी का आदमी” बताया और कहा कि बीजेपी की जरूरत नहीं है। जब वह गाड़ी में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, तब हमलावरों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, असफल होकर ईंटें फेंकीं, जिससे वह घायल हो गए।

गाड़ी से नीचे खींच पाते, तो मार ही डालते

खगेन ने आरोप लगाया कि अगर हमलावर उन्हें गाड़ी से नीचे खींच पाते, तो मार ही डालते। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि गिरफ्तारी में तीन दिन क्यों लग गए। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अस्पताल आने पर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दिखावा था और इसका कोई मतलब नहीं था। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सिर्फ लोगों को दिखाने आई थीं कि वह मिलने आई हैं।

हमला पहले से सुनियोजित था

खगेन मुर्मू के बेटे अनिमेष मुर्मू ने भी आरोप लगाया कि यह हमला पहले से सुनियोजित था। उन्होंने कहा कि उनके पिता आदिवासी समाज में लोकप्रिय हो रहे थे, इसलिए उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने हमलावरों को ‘जिहादी’ बताया और दावा किया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से रोज़ाना उनके पिता की सेहत की जानकारी ली जा रही है।
इस हमले के बाद केंद्र सरकार ने खगेन मुर्मू की सुरक्षा बढ़ा दी है। पहले उन्हें एक्स कैटेगरी की सुरक्षा मिलती थी, अब उन्हें वाई प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है।

बीजेपी सस्ती राजनीति कर रही है

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस ने सभी आरोपों को खारिज किया है। टीएमसी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मोशारफ हुसैन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सौजन्य दिखाया है और बीजेपी सस्ती राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल में सभी धर्मों के लोग शांति से रहते हैं और यहां कोई जिहादी नहीं है। खगेन मुर्मू ने स्पष्ट किया कि वह बीजेपी के राष्ट्रवादी विचारों के साथ खड़े हैं और आगे भी जनता के बीच रहेंगे।