नई दिल्ली। भारत में मार्च की शुरूआत में होली की धूम थी, अब यह धूम अमेरिका के न्यूयॉर्क में देखने को मिल रही है। न्यूयॉर्क सिटी में भारतीय मूल के कैरेबियाई समुदायों द्वारा मनाया जाने वाला फगवा (होली) उत्सव इस वर्ष बेहद उत्साह और रंगों के साथ आयोजित किया गया। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और सभी को फगवा की शुभकामनाएं दी।
न्यूयॉर्क के रिचमंड हिल इलाके में आयोजित 38वीं वार्षिक फगवा परेड में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में जोहरान ममदानी ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर इंडो-गयानीज और इंडो-कैरेबियन समुदायों के साथ उत्सव मनाया।
‘फगवा उत्सव मनाना बेहद खुशी की बात’
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, रिचमंड हिल लौटकर इंडो-गुयानी और इंडो-कैरिबियन समुदायों के साथ फगवा उत्सव मनाना बेहद खुशी की बात थी, यही समुदाय न्यूयॉर्क को इतना जीवंत बनाते हैं।न्यूयॉर्क अब वसंत ऋतु के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है और फगवा खुशी, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है।
वसंत के स्वागत के लिए न्यूयॉर्क तैयार
ममदानी ने आगे कहा, 38वीं वार्षिक फगवा परेड पहले से कहीं अधिक उत्साहपूर्ण थी। न्यूयॉर्क शहर वसंत का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। आज और हर दिन आप सभी के साथ सुख और सद्भाव बना रहे। फगवाकी हार्दिक शुभकामनाएं।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं, गाने और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया तथा पारंपरिक जुलूस निकाला। रंगों से सराबोर सड़कों पर उत्सव का माहौल देखने लायक था।
न्यूयॉर्क में मनाया जाता है फगवा
बता दें फगवा विशेष रूप से कैरेबियाई देशों में बसे भारतीय मूल के लोगों द्वारा मनाया जाने वाला होली का पारंपरिक रूप है, जो अब न्यूयॉर्क जैसे वैश्विक शहरों में भी सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।