नई दिल्ली। कनाडा के टोरंटो शहर में कर्नाटक के रहने वाले 37 साल के एक भारतीय सॉफ्टवेयर पेशेवर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार की दोपहर टोरंटो के एक शॉपिंग मॉल के पार्किंग लॉट में ये हमला हुआ। हमलावरों ने उन पर कई गोलियां चलाई. इस हत्या से पूरे भारतीय समुदाय में हड़कंप मच गया है।
मृतक की पहचान चंदन कुमार राजा नंदकुमार के रुप में हुई है
बता दें कि मृतक की पहचान चंदन कुमार राजा नंदकुमार के रुप में हुई है, जो टोरंटो के ग्रेटर टोरंटो एरिया में ब्रैम्पटन के निवासी थे। मूल रूप से वह कर्नाटक के बैंगलोर ग्रामीण जिले के नेलमंगला के पास स्थित थ्यामागोंडलु गांव के रहने वाले थे। चंदन पिछले 6 सालों से कनाडा में रह रहे थे और L&T की सहायक कंपनी LTI Mindtree में काम कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने बैंगलोर में कॉग्निजेंट के साथ किया था।
पुलिस ने ‘टारगेटेड अटैक’ माना
वहीं, पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुई थी। चंदन अपनी कार के अंदर बैठे थे और तभी हमलावरों ने वुडबाइन शॉपिंग सेंटर के प्रवेश द्वार के पास अंधाधुंध गोलियां बरसा दी। टोरंटो पुलिस सेवा (TPS) के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो चंदन को कई गोलियां लगी हुई थीं, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। वारदात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनमें चंदन की सफेद कार बुलेट के निशानों से छलनी नजर आ रही है।
वहीं, टोरंटो पुलिस ने इस मामले को एक ‘टारगेटेड अटैक’ माना है। फिलहाल अभी तक इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। टोरंटो पुलिस सेवा के इंस्पेक्टर एरोल वॉटसन ने कहा कि ‘यह एक गंभीर घटना है, खासकर एक मॉल में इस तरह की गोलीबारी सार्वजनिक सुरक्षा के लिए एक खतरा है। हमारी टीम हत्यारों की तलाश कर रही है।
चंदन के माता-पिता अपने इकलौते बेटे थे
थ्यामागोंडलु गांव में चंदन के माता-पिता अपने इकलौते बेटे की मौत से पूरी तरह टूट चुके हैं। चंदन के पिता नंदकुमार ने मीडिया को बताया, हमने पिछले शुक्रवार को उससे बात की थी। उसने कहा था कि वह इस गर्मी में छुट्टी लेकर घर आएगा। हम उसकी शादी की प्लानिंग कर रहे थे. हम पूरी तरह से तबाह हो गए है। ’
चेतन के परिवार वालों ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि चंदन बार-बार भारत लौटने की योजना टाल रहा था। पिता ने इस मामले पर अफसोस जताते हुए कहा, ‘अगर उसने हमारी बात मान ली होती और भारत वापस आ गया होता, तो वह आज हमारे साथ होता। ’ वहीं इस घटना पर कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर का भी बयान सामने आया है। इस घटना पर उन्होंने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा, ‘यह घटना बेहद परेशान करने वाली है. हमने एक कन्नडिगा (कर्नाटक का निवासी) को खो दिया है. हमारे पुलिस विभाग ने शव को टोरंटो से वापस भारत लाने के लिए विदेश मंत्रालय से मदद मांगी है। ’
मामले को लेकर चिक्काबल्लापुर के सांसद डॉ. के. सुधाकर ने कहा कि वह विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं ताकि चंदन के शव को जल्द ही भारत लाया जा सके। बता दें कि चंदन की मौत टोरंटो में इस साल की तीसरी भारतीय हत्या है.