बाराबंकी। उत्तर प्रदेश से बाबरी मस्जिद विवाद का जिन्न एक बार फिर फूट पड़ा है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले इस मुद्दे को गरमाने की कोशिश चल रही है। वहीं, विवाद की लौ अब यूपी तक भड़कती दिखने लगी है। मामले में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ मैदान में उतर गए हैं। यूपी में भी 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले एक बार फिर बाबरी मस्जिद के मुद्दे को हवा देने की कोशिश चल रही है। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का निर्माण शुरू होने वाला है। इसके विरोध में हिंदू संगठनों ने लखनऊ से मुर्शिदाबाद कूच का ऐलान किया है। सीएम योगी ने मुद्दे पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण कभी भी नहीं होगा, कयामत तक बाबरी ढांचा नहीं बनेगा।
राम मंदिर का किया जिक्र
मंगलवार को बाराबंकी के श्री राम जानकी मंदिर में आयोजित दशम श्री हनुमान विराट महायज्ञ एवं श्री रामार्चा पूजन कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह सरकार जो बोलती है, करके दिखाती है। यह जितना करती है, उतना ही बोलती है। हमने कहा था रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे…।
सीएम योगी ने सवालिया लहजे में जनसमूह से पूछा कि क्या आज कोई संदेह है? हम आज फिर इस बात को कह रहे हैं कि कयामत के दिन तक भी बाबरी ढांचा नहीं बनेगा। उन्होंने कहा कि कयामत का दिन तो कभी आना नहीं है, इसलिए बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण भी कभी होना नहीं है।
‘नहीं आएगा वह दिन’
सीएम योगी आदित्यनाथ ने साफ तौर पर कहा कि कयामत के दिन के आने का जो लोग सपना देख रहे हैं, ऐसे ही सड़ गल जाएंगे। कयामत का वह दिन कभी आने वाला नहीं है। जिन्हें सपना देखना है, देखते रहें। हम अपनी विरासत को सम्मान देते हुए, भारत की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य करते रहेंगे। सनातन धर्म की परंपरा को और देश के गौरव को आगे बढ़ाया जाता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री जी ने 25 नवंबर को अयोध्या धाम में आकर सनातन के प्रतीक श्रीराम मंदिर में भव्य केसरिया ध्वज का आरोहण किया था, ये केसरिया ध्वज हमेशा देश का गौरव बढ़ाता रहेगा।
पूर्व के हालातों की चर्चा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने टिकैतनगर के दुल्हदेपुर कुटी में आयोजित दशम श्री हनुमत विराट महायज्ञ एवं श्रीरामार्चा पूजन में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। सीएम योगी यज्ञ मंडप में आहुति देते दिखे। कार्यक्रम में पहुंचने पर संत बलराम दास ने उन्हें मखाने और लावा की माला पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में सीएम योगी ने वर्ष 2017 से पहले यूपी के हालात की चर्चा की।
सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में हालात ऐसे थे कि हर चौथे दिन शहरों में कर्फ्यू लगाना पड़ता था। कोई भी पर्व-त्योहार शांति से नहीं मनाए जा सकते थे। अब प्रदेश में अराजकता समाप्त हो चुकी है। प्रदेश में विकास की नई गति दिखाई दे रही है।
सनातन पर प्रहार की बात
सीएम योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और सनातन संस्कृति एक-दूसरे के पूरक हैं। आज सनातन पर दुनिया भर से प्रहार हो रहे हैं। उन्होंने इस प्रकार की स्थिति में सभी लोगों को सचेत और सजग रहने की जरूरत बताई। सीएम योगी ने कहा कि देश-प्रदेश का विकास जिन्हें अच्छा नहीं लगता है, वे लोग साजिश रच रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून व्यवस्था काफी मजबूत। 2017 से पहले हालात काफी खराब थे। पर्व-त्योहार शांति से नहीं मनाए जा सकते थे। हर चौथे दिन कर्फ्यू लगाना पड़ता था। प्रदेश में अब अराजकता नहीं है। लोग शांतिपूर्ण जीवन जी रहे हैं। इस कारण प्रदेश का विकास भी हो रहा है।
विकास योजनाओं को गिनाया
सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में चलने वाली विकास योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक करोड़ 16 लाख परिवारों को सालाना पेंशन मुहैया कराई जा रही है। प्रदेश के 15 से 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। सीएम ने कहा कि प्रदेश में 5 करोड़ 46 लाख लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाए गए हैं। कार्यक्रम में सीएम योगी ने बाराबंकी को विकास प्राधिकरण देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान बाराबंकी और अयोध्या के संत-महंत, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान 79 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। सीएम योगी ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।