नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम/गुवाहाटी/कोलकाता/चेन्नई। केरलम के तिरुवनंतपुरम में मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने पार्टी का मेनिफेस्टो जारी किया। भाजपा ने केरल में AIIMS बनाने और तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क विकसित करने का वादा किया है।
घोषणापत्र में जरूरतमंद महिलाओं को ‘भक्ष्य आरोग्य सुरक्षा कार्ड’ देने का वादा किया गया है, जिसके तहत हर महीने ₹2500 दवाइयों और राशन के लिए दिए जाएंगे। 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों, विधवाओं और जरूरतमंद महिलाओं को ₹3000 मासिक पेंशन देने की घोषणा की गई है।
भाजपा ने इससे पहले असम के लिए भी मेनिफेस्टो (संकल्प पत्र) जारी किया। इसमें लव जिहाद पर एक्शन, घुसपैठियों से कब्जाई जमीन वापस लेने, राज्य में UCC लागू करने, युवाओं को 5 साल में 2 लाख नौकरियां देने का वादा किया है। पत्र में कुल 31 वादे किए गए हैं।
मुख्य बातें
@ तमिलनाडु के तंजावुर में सीएम एम के स्टालिन के वाहन की जांच की। स्टालिन खुद वाहन में मौजूद थे।
@TVK चीफ विजय और उनकी पार्टी के 5 हजार कार्यकर्ताओं पर चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज हुआ।
@असम के लिए कांग्रेस ने 5 गारंटियां जारी की हैं। इसमें महिलाओं को नकद सहायता, सीनियर सिटिजन को पेंशन, हर परिवार को ₹25 लाख @तक का हेल्थ कवर, गायक जुबीन गर्ग को 100 दिन में न्याय और 10 लाख स्वदेशी लोगों को जमीन का अधिकार देने का वादा शामिल है।
@केरलम में राहुल गांधी ने कहा, ‘हम उस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जब केरलम की सीएम महिला होगी। कांग्रेस चाहती है कि @ केरलम की महिलाएं अपने सपने पूरे करें और उन्हें अपनी पसंद का काम करने की पूरी आजादी मिले।’
नितिन नबीन बोले- UDF और LDF ने लोगों की प्रगति में रुचि नहीं दिखाई
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मेनिफेस्टो जारी होने पर कहा- आज हम यहां ‘विकसित केरलम’ का घोषणापत्र प्रस्तुत करने के लिए जमा हुए हैं। UDF और LDF ने कभी भी केरलम के लोगों की प्रगति में रुचि नहीं दिखाई है।
केरल में भाजपा का हर घर दो मुफ्त LPG सिलेंडर देने का वादा
भाजपा ने केरल में गरीब परिवारों को हर साल दो मुफ्त LPG सिलेंडर देने का वादा किया है, जो ओणम और क्रिसमस के मौके पर मिलेंगे। साथ ही हर घर को हर महीने 20 हजार लीटर मुफ्त पानी देने की बात कही गई है।
इसके अलावा सबरीमाला और गुरुवायूर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए देवस्वम बोर्ड में सुधार करने की बात कही गई है। पार्टी ने अपने घोषणापत्र में तमिलनाडु को पानी और केरल की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी वादा किया है।
असम CM बोले- जब तक दुनिया में बांग्लादेश है तब तक घुसपैठिए रहेंगे
गुवाहाटी में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मीडिया से बात करते हुए कहा- जब तक इस दुनिया में बांग्लादेश मौजूद है, तब तक घुसपैठिए आते ही रहेंगे। हमें घुसपैठियों के खिलाफ लड़ाई जारी रखनी होगी। उन्हें खत्म करने का कोई डेडलाइन नहीं दे सकते। यह एक निरंतर चलने वाली लड़ाई है।
ममता का EC को लेटर, लिखा- BJP वोटर हाईजैकिंग की साजिश कर रही
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को लेटर लिखकर भाजपा पर ‘वोटर हाईजैकिंग’ की साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में फर्जी फॉर्म-6 आवेदन देकर बाहरी लोगों को मतदाता सूची में जोड़ने की कोशिश हो रही है।
ममता बनर्जी ने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के ऑफिस और विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में आवेदन जमा किए जा रहे हैं, जो सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा नहीं लगते। उनके मुताबिक, यह लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जहां 60 लाख से ज्यादा असली मतदाता आवेदन लंबित हैं, वहीं फर्जी आवेदनों को तेजी से निपटाया जा रहा है। साथ ही SIR प्रक्रिया में खामियों के कारण 200 से अधिक लोगों की मौत का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग से इस प्रक्रिया को तुरंत रोकने, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और अंतिम मतदाता सूची (28 फरवरी 2026) के बाद किसी भी फर्जी नाम को जोड़ने से रोकने की मांग की है।