सिलीगुड़ी। चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही पूरे राज्य में चुनावी प्रचार तेज हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार सुबह से सिलीगुड़ी के विभिन्न इलाकों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता-समर्थकों की सक्रियता देखने को मिली।
भाजपा विधायक शंकर घोष ने शुरू किया दीवार लेखन
शहर के 16 नंबर वार्ड में भाजपा की ओर से दीवार लेखन अभियान शुरू किया गया। इस दौरान पार्टी के झंडे हाथ में लेकर कार्यकर्ताओं को नारे लगाते हुए प्रचार करते देखा गया। इस कार्यक्रम में सिलीगुड़ी के वर्तमान भाजपा विधायक शंकर घोष भी मौजूद थे। उनकी मौजूदगी से कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ता नजर आया।दीवारों पर पार्टी के समर्थन में नारे और संदेश लिखे गए। हालांकि अभी तक संबंधित सीट पर उम्मीदवार की घोषणा नहीं होने से राजनीतिक हलकों में इसको लेकर चर्चा भी शुरू हो गई है।
लोग अब तृणमूल को वोट नहीं देंगे : विधायक
इस बारे में पूछे जाने पर विधायक शंकर घोष ने कहा कि पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी, भाजपा इस बार राज्य में सरकार बनाने में सफल होगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप अब जनता के सामने साफ हो चुके हैं, इसलिए लोग अब तृणमूल को वोट नहीं देंगे। विधायक ने भरोसा जताया कि उम्मीदवारों की घोषणा बहुत जल्द कर दी जाएगी और इस बार भाजपा राज्य की अधिकतर सीटों पर जीत दर्ज करेगी।