चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित माओवादी संगठन के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस ऑपरेशन में कई शीर्ष इनामी माओवादियों के मारे जाने की प्रारंभिक सूचना है। इस मुठभेड़ में एक करोड़ के इनामी नक्सली अनल दा के मारे जाने की खबर है।
10 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना
जराईकेला और किरीबुरु की सीमा क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान मुठभेड़ में एक करोड़ के इनामी समेत 10 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है, लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल इलाके में सर्च आॅपरेशन चलाया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के वरीय अधिकारियों को सारंडा जंगल में बड़े माओवादियों के होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस इनपुट के बाद कोबरा झारखंड, जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने छोटानागरा थाना क्षेत्र मं सर्च ऑपरेशन चलाया। जैसे ही सुरक्षा बल माओवादियों के नजदीक पहुंचे उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई शुरु की। सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख कुछ माओवादी भागने में सफल हो गए और कुछ को गोली लग गई है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
एनकाउंटर के बाद चलाए गए सर्च अभियान में भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं, जिनमें एके-47, इंसास राइफल, एसएलआर और सैकड़ों कारतूस शामिल हैं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शवों की पहचान की जा रही है। पुलिस फरार नक्सलियों की तलाश में जुटी है।