नई दिल्ली। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से हो गया है, जिसमें पहले दिन तीन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। वहीं 8 फरवरी को दिन का दूसरा मुकाबला जिसपर सभी की नजरें टिकी हुई थी वह इंग्लैंड और नेपाल की टीम के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में एक समय नेपाल की टीम ने 185 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 19 ओवर्स में 175 रन बना लिए थे, लेकिन आखिरी ओवर में वह जीत के लिए 10 रन बनाने में कामयाब नहीं हो सके और उन्हें 4 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था।
नेपाल की तरफ से ओपनिंग में उतरी आसिफ शेख और कुसल भुर्तेल की जोड़ी के बीच पहले विकेट के लिए 37 रनों की साझेदारी देखने को मिली, जिसमें आसिफ 7 रन बनाकर लियम डॉसन की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। जबकि कुसल भुर्तेल जो शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे वह 29 के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। नेपाल टीम के कप्तान रोहित पौडेल और दीपेंद्र सिंह एरी ने पारी को संभालते हुए रनों की गति को तेज रखा हुआ था, जिसमें दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी हुई, जिसने इस मुकाबले को रोमांचक बना दिया। हालांकि दीपेंद्र सिंह एरी अहम समय पर 44 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे, वहीं कप्तान रोहित पौडेल भी 39 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे लोकेश बम ने रन गति को धीमे नहीं पड़ने दिया और मुकाबले को रोमांचक बना दिया था, जिसमें उन्होंने 20 गेंदों में 39 रनों की नाबाद पारी तो खेली लेकिन अपनी टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो सके। इंग्लैंड के लिए इस मैच में लियम डॉसन ने 2 विकेट हासिल किए तो वहीं सैम करन ने पारी का आखिरी ओवर फेंका जिसमें उन्होंने सिर्फ 5 रन देने के साथ अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की।
इंग्लैंड टीम की इस मुकाबले में शुरुआत काफी खराब देखने को मिली जिसमें उन्होंने दूसरे ओवर में ही उन्होंने अपना पहला विकेट के 5 के स्कोर पर फिल साल्ट के रूप में गंवा दिया तो वहीं इस मैच में जोस बटलर भी बल्ले से कोई कमाल नहीं दिखा सके और 26 रन बनाकर नंदन यादव की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।
इंग्लैंड को इस मैच में तीसरा झटका टॉम बैंटन के रूप में लगा जो 2 रन बनाकर संदीप लामिछाने की गेंद पर LBW आउट हुए। वहीं जैकब बेथेल ने इस मैच में 28 बॉल पर अपना अर्धशतक पूरा किया तो वहीं इसके बाद वह 55 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। इंग्लैंड टीम के कप्तान हैरी ब्रूक के बल्ले से इस मैच में 32 गेंदों में 53 रनों की पारी देखने को मिली। नेपाल के खिलाफ मुकाबले में इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 184 रनों का स्कोर बनाया है। नेपाल की तरफ से गेंदबाजी में इस मुकाबले में दीपेंद्र सिंह एरी और नंदन यादव ने जहां 2-2 विकेट हासिल किए तो वहीं शेर मल्ला और संदीप लामिछाने 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इंग्लैंड और नेपाल दोनों टीमों का स्क्वाड
इंग्लैंड – फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बेंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, ल्यूक वुड, जोश टंग, रेहान अहमद, जेमी ओवरटन, बेन डकेट।
नेपाल – कुशल भुर्तेल, आसिफ शेख (विकेटकीपर), रोहित पौडेल (कप्तान), दीपेंद्र सिंह ऐरी, आरिफ शेख, सोमपाल कामी, संदीप जोरा, करण केसी, गुलशन झा, संदीप लामिछाने, नंदन यादव, बसीर अहमद, ललित राजबंशी, लोकेश बम, शेर मल्ला।