सिलीगुड़ी। भाजपा ने तृणमूल संचालित सिलीगुड़ी नगर निगम बोर्ड पर डेंगू की रोकथाम में पूरी तरह नाकाम रहने के आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला अध्यक्ष आनंद चंद्र बर्मन ने सिलीगुड़ी में दिन प्रतिदिन बढे रहे डेंगू पर चिंता जताते हुए नगर निगम बोर्ड से इसकी रोकथाम के लिए तत्काल कारगर कदम उठाने की मांग की।
श्री बर्मन ने कहा कि वर्तमान निगम बोर्ड को यह सुनिश्चित करना होगा कि डेंगू को लेकर फिर किसी माँ की गोद खाली न हो। वे आज सिलीगुड़ी के 23 नंबर वार्ड निवासी विष्णु साहा और नांटू पाल के घर उनके परिवारवालों से मिलने पहुंचे जिनकी कल डेंगू से मौत हो गयी थी। उन्होंने दोनों परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया।
दरअसल आज सुबह भाजपा के जिला अध्यक्ष आनंद चंद्र बर्मन और विकास सरकार के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पहले डबग्राम मातृसदन के पास नांटू पाल के परिवारवालों से मिलने उनके घर पहुंचे। भाजपा नेताओं ने उनके परिवार के सदस्यों से मिलकर उनसे बातचीत की और उन्हें अपनी ओर से हर तरह की सहायता करने का आश्वासन दिया। उसके बाद वे लोग 23 वार्ड के ही बिष्णु साहा के परिवार वालों से मुलाकात की। बाद में संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा के जिलाध्यक्ष आनंद बर्मन ने कहा कि सिलीगुड़ी नगर निगम की निष्क्रियता के कारण शहर में तेजी से डेंगू फ़ैल रहा है। उन्होंने कहा डेंगू ने पूर्व के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इसके साथ ही उन्होंने डेंगू की रोकथाम के लिए नगर निगम से जल्द से जल्द समुचित व्यवस्था करने का अनुरोध किया।