नई दिल्ली। भारत में आज से इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 5 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले पीएम ने एक्स पर पोस्ट कर कहा- हमारा देश विज्ञान और टेक्नोलॉजी में तेजी से तरक्की कर रहा है। यह हमारे लिए अत्यंत गर्व की बात है कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के लिए दुनियाभर से लोग भारत आ रहे हैं। इससे हमारे देश के युवाओं के सामर्थ्य का भी पता चलता है। यह अवसर इस बात का भी प्रमाण है कि हमारा देश विज्ञान और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है और वैश्विक विकास में अहम योगदान दे रहा है। दाने तपसि शौचं च विज्ञानं विनये नये। विस्मयो न हि कर्तव्यो बहुरत्ना वसुन्धरा।।
देश एआई परिवर्तन के अग्रिम पंक्ति में खड़ा
पीएम ने कहा कि 1.4 अरब भारतीयों की सामूहिक शक्ति के कारण देश आज एआई परिवर्तन के अग्रिम पंक्ति में खड़ा है। उन्होंने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम और अत्याधुनिक शोध को भारत की एआई प्रगति की प्रमुख ताकत बताया। उन्होंने कहा कि एआई के क्षेत्र में भारत की तेज प्रगति केवल महत्वाकांक्षा ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी को भी दर्शाती है।
दिल्ली में होगा एआई का राष्ट्रीय प्रदर्शन
इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026, इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के साथ होगा और यह राष्ट्रीय प्रदर्शन होगा। इसमें 600 से ज्यादा हाई-पोटेंशियल स्टार्टअप और 13 कंट्री पवेलियन होंगे जो एआई इकोसिस्टम में इंटरनेशनल कोलेबोरेशन दिखाएंगे। यह एक्सपो ग्लोबल टेक्नोलॉजी फर्म, स्टार्टअप, एकेडेमिया, रिसर्च इंस्टीट्यूशन, सेंट्रल और स्टेट गवर्नमेंट और इंटरनेशनल पार्टनर को एक साथ लाएगा।