नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद हैं। इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हमने इस यात्रा की शुरुआत ‘बेटी बचाओ’ अभियान से की थी। उस समय, जब बेटियों को गर्भ में ही मार दिया जाता था। इसके बाद बेटियों को शिक्षित करने का दौर आया, और हम ‘बेटी पढ़ाओ’ के युग में प्रवेश कर गए। मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि आज, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, हम ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ’ के युग में प्रवेश कर चुके हैं।
वक्त के सांचे में ढल गए और कुछ लोग आए, वक्त के सांचे बदल गए
दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी बात रखी। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि संसद में आपके द्वारा पेश किए गए इस विधेयक पर पूरे देश की महिलाएं आपके साथ खड़ी हैं। आज, पूरे देश की बहनों की ओर से, मैं आपको और आपकी अगुवाई वाली सरकार को तहे दिल से धन्यवाद देना चाहती हूं। मैं अपने भाषण का समापन आपको समर्पित दो पंक्तियों के साथ करूंगी- ‘कुछ लोग आए, वक्त के सांचे में ढल गए और कुछ लोग आए, वक्त के सांचे बदल गए।’
‘विकसित भारत’ के निर्माण के प्रयासों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम में आने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि ये आयोजन जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं को एक मंच पर लाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि आज मैं दिल्ली में ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में हिस्सा लूंगा। यह कार्यक्रम जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं को एक मंच पर लाता है। यह ‘विकसित भारत’ के निर्माण के प्रयासों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर होने वाली चर्चाओं को और आगे बढ़ाएगा। इसमें संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना भी शामिल है।
प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम में पहुंच चुके हैं। बस कुछ देर में उनका संबोधन होगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रख्यात हस्तियां और उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाएं हिस्सा ले रही हैं। इसमें सरकार, शिक्षा जगत, विज्ञान, खेल, उद्यमिता, मीडिया, सामाजिक कार्य और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हैं।