नई दिल्ली। बेंगलुरु में पुलिस ने एक महिला डॉक्टर की मौत के 6 महीने बाद उसके पति और उसके डॉक्टर साथी को कथित तौर पर हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला डॉक्टर के पति, डॉ. महेंद्र रेड्डी, जो खुद एक जनरल सर्जन हैं, उन्होंने अपने घर में अपनी पत्नी को बेहोशी का दवा का ओवरडोज दे दिया। यह घटना 21 अप्रैल को हुई थी।
बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी, स्किन एक्सपर्ट डॉ. कृतिका रेड्डी घर में बीमार पड़ गई और उनके पति तुरंत उन्हें पास के अस्पताल ले गए। अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में मराठाहल्ली पुलिस स्टेशन में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया था। इस जोड़े की शादी पिछले साल 26 मई को हुई थी। और दोनों विक्टोरिया अस्पताल में डॉक्टर थे।
जांच के दौरान पुलिस के मिले अहम सबूत
जांच के दौरान एसओसीओ ने एक कैनुला सेट, इंजेक्शन ट्यूब सहित कई महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए। इन सभी सबूतों को फोरेंसिक जांच के लिए एक्सपर्ट को सौंप दिया गया था। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विसरा के नमूने इकट्ठे किए गए और एफएसएल भेजे गए। बाद में एफएसएल रिपोर्ट में मृतक डॉक्टर के शरीर में प्रोपोफोल की मौजूदगी की पुष्टि हुई, जो एक आपराधिक कृत्य का संकेत देती है।
रिपोर्ट के आधार पर मृतक के पिता ने दर्ज कराई शिकायत
इस रिपोर्ट के आधार पर, पीड़िता के पिता ने 13 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि उनके दामाद ने एनेस्थेटिक एजेंट का उपयोग करके उनकी बेटी की हत्या कर दी है। मामले पर त्वरित एक्शन लेते हुए मराठाहल्ली पुलिस ने 14 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को शक है कि आरोपी ने मौत को स्वाभाविक दिखाने के लिए अपनी मेडिकल एक्सपर्टीज का इस्तेमाल किया था।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी, जांच जारी
बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि अब तक इक्ठ्ठा किए गए सबूत अपराध में पति की भूमिका की ओर इशारा करते हैं, क्योंकि वह वही व्यक्ति था जो उसे शुरू में अस्पताल लाया था और उसने ऐसी किसी भी बात का उल्लेख नहीं किया था जो गलत हो सकती थी।
उसने दावा किया कि उसका स्वास्थ्य अच्छा नहीं था और उसका इलाज चल रहा था, अब हमें पता चला है कि उसे कुछ इंजेक्शन दिए गए थे, जो दर्शाता है कि गलत इरादा था, इसलिए इसकी जांच की जानी चाहिए। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और आगे की जांच जारी है।