डेस्क। अमेरिका और इज़रायल ने ईरानके खिलाफ युद्ध काफी बढ़ चुका है। इस बीच अब पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान पर हमला किया है। रविवार को पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कुनार (Kunar) प्रांत में असदाबाद में घरों को निशाना बनाते हुए रॉकेट अटैक किया। पाकिस्तान के इस हमले से हाहाकार मच गया।
1 की मौत, 16 घायल
पाकिस्तान के इस रॉकेट अटैक में 1 व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं 16 लोग इस हमले में घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। घायलों में कई बच्चे शामिल हैं, जिन्हें पाकिस्तानी हमले की वजह से गंभीर चोट आई है।
जानबूझकर रिहायशी इलाके को बनाया गया निशाना
तालिबान (Taliban) के प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने पाकिस्तान के इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। हमदुल्लाह ने कहा कि पाकिस्तान ने जानबूझकर रिहायशी इलाके को निशाना बनाया, जिससे निर्दोष नागरिकों को नुकसान पहुंचे।
पाकिस्तान के इस रॉकेट अटैक के बाद दोनों देशों के बीच पहले से चला आ रहा तनाव और बढ़ गया है। ईद के दौरान दोनों पक्षों में कुछ समय के लिए सीज़फायर हो गया था, लेकिन अब एक बार फिर पाकिस्तान ने अपनी नापाक हरकतें शुरू कर दी हैं। पाकिस्तानी हमले के बाद अब आशंका जताई जा रही है कि तालिबान भी चुप नहीं बैठेगा और जल्द ही पाकिस्तान से इस हमले का बदला लेगा।
क्या छिड़ेगा युद्ध?
कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हमला करते हुए 400 से ज़्यादा लोगों की जान ले ली थी, जिसके बाद दोनों देशों में हालात काफी गंभीर हो गए थे। अब एक बार फिर पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर रॉकेट अटैक किया है। जब से तालिबान सत्ता में लौटा है, तब से ही दोनों देशों के बीच तनाव चल रहा है, जो पिछले करीब डेढ़ साल में और ज़्यादा बढ़ गया है। अक्सर ही दोनों पक्षों में बॉर्डर पर झड़पें होती रहती हैं। पाकिस्तान में होने वाले आतंकी हमलों के लिए सरकार ने तालिबान को ज़िम्मेदार ठहराया है। पाकिस्तानी एयरफोर्स भी समय-समय पर अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक करती रहती है। पाकिस्तान के इन हमलों के जवाब में तालिबान भी चुप नहीं बैठने वाला और जल्द ही पाकिस्तान के खिलाफ सख्त एक्शन ले सकता है। ऐसे में दोनों देशों के बीच युद्ध छिड़ने का खतरा बढ़ गया है।