नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन करेंगे। आज इस शिखर सम्मेलन के औपचारिक उद्घाटन के बाद पीएम मोदी का संबोधन होगा। एआई को लेकर भारत की क्या रणनीति है और इसके माध्यम से ग्लोबल साउथ को किस तरह लाभान्वित किया जा सकेगा, इसके बारे में पीएम मोदी ग्लोबल लीडर्स के बीच अपना संबोधन देंगे। इसके अलावा पीएम एआई इंपैक्ट एक्सपो का दौरा करेंगे और इस शिखर सम्मेलन में आज पूरे दिन विश्व के अन्य शीर्ष नेतागण भी उनके साथ रहेंगे।
समिट में 100 से ज्यादा सरकारी प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं जिनमें 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष, शासन-प्रमुख और करीब 60 मंत्री के अलावा उप-मंत्री शामिल हैं। इनके अलावा दुनियाभर के 500 से अधिक एआई दिग्गज, करीब 100 सीईओ व संस्थापक, 150 शिक्षाविद के अलावा शोधकर्ता और 400 मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ), उपाध्यक्ष और फिलॉन्थ्रॉफी कार्य करने वाले व्यक्ति शामिल हो रहे हैं।
बुधवार को पूरा दिन पीएम मोदी मेहमानों से मुलाकात और उनके स्वागत में व्यस्त थे वहीं भारत मंडपम में लाखों लोग आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की इस अदभुत दुनिया को देख रहे थे। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के भारत मंडपम में जारी एआई इम्पैक्ट समिट में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा सहित विश्व के नेताओं का स्वागत किया।
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम, क्रोएशियाई प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेनकोविक, सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक, सेशेल्स के उप-राष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्लई, एस्टोनिया के राष्ट्रपति अलार कारिस और फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो, यूनान के प्रधानमंत्री क्यारियाकोस मित्सोटाकिस और गुयाना के उप-राष्ट्रपति भरत जगदेवउन नेताओं में शामिल थे जिनका बुधवार को पीएम मोदी ने भव्य रूप से सजाये गए भारत मंडपम में स्वागत किया।
एआई इंपैक्ट समिट में बिल गेट्स नहीं देंगे भाषण
गेट्स फाउंडेशन इंडिया की ओर से जानकारी दी गई है कि इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 में बिल गेट्स अपना मुख्य भाषण नहीं देंगे। गेट्स फाउंडेशन इंडिया की ओर से एक्स पर लिखा गया कि “गहन विचार-विमर्श के बाद और यह सुनिश्चित करने के लिए कि एआई शिखर सम्मेलन की प्रमुख प्राथमिकताओं पर ही ध्यान केंद्रित रहे, बिल गेट्स अपना मुख्य भाषण नहीं देंगे। गेट्स फाउंडेशन की ओर से अफ्रीका और भारत कार्यालयों के अध्यक्ष अंकुर वोरा आज बाद में शिखर सम्मेलन में भाषण देंगे।
अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी एआई इंपैक्ट समिट में पहुंचे
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने इंडिया एआई इंपैक्ट समिट से एक फोटो शेयर की है और इसमें वो गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई के साथ तस्वीर खिंचाते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फोटो के साथ सर्जियो गोर ने कैप्शन में लिखा है- “इंडिया AI इम्पैक्ट समिट जोरों पर!”
पीएम मोदी शाम 5:30 बजे से CEO राउंडटेबल में हिस्सा लेंगे
ओपनिंग सेरेमनी में पीएम मोदी लोगों को संबोधित करेंगे। इनके साथ फ्रांस के प्रेसिडेंट इमैनुएल मैक्रों और यूनाइटेड नेशंस सेक्रेटरी जनरल एंटोनियो गुटेरेस का भी भाषण होगा। दिन भर के बिजी शेड्यूल के बाद शाम 5:30 बजे से पीएम मोदी CEO राउंडटेबल में हिस्सा लेंगे जहां एआई में निवेश के साथ रिसर्च कोलॉबोरेशन पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा एआई से जुड़ी सप्लाई चेन और AI डिप्लॉयमेंट पर सार्थक मंथन करेंगे जिसमें सरकारी लीडरशिप के साथ जुड़ेंगे।
AI समिट में अब तक स्वेदशी इनोवेटर्स ने कमाल के प्रोडक्ट शोकेस किए
इस ग्लोबल समिट में गूगल, OpenAI, माइक्रोसॉफ्ट, IBM, एंथ्रोपिक, AMD जैसी दुनिया की बड़ी बड़ी कंपनियां अपने AI मॉडल्स को शो-केस कर रही हैं। जैसे कि इंटरनेशनल सॉफ्टवेयर कंपनी IBM ने एआई समिट में आर्टिफशियल इंटेलिजेंस का एक ऐसा टूल पेश किया है जो किसानों के लिए बहुत काम का होगा। इस AI टूल की मदद से किसान अपनी फसलों की बीमारियों का पता लगाकर उनसे छुटकारा पाने के उपाय जान सकेंगे। इसके अलावा DRDO ने एआई समिट में एक स्मार्ट फेशियल रिकॉग्निशन टूल भी शोकेस किया है। ये AI टूल हजारों की भीड़ में आतंकवादियों और क्रिमिनल्स की पहचान कर लेगा। यानी चाहे कोई नकाब लगाए या हेलमेट, ये टूल हर अपराधी को पकड़ लेगा।
जानें आज के कार्यक्रम का क्या है शेड्यूल
पीएम मोदी सुबह 9.40 बजे समिट का उद्धाटन करेंगे और उसके बाद करीब साढ़े 10 बजे पीएम मोदी का संबोधन होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री दूसरे नेताओं के साथ सुबह लगभग 11 बजे इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो का दौरा करेंगे। यहां सभी नेता अलग अलग देशों के पविलियन में जाएंगे। दोपहर 12 बजे पीएम मोदी सेशन में हिस्सा लेंगे। इस सेशन में एआई से जुड़ी नेशनल और इंटरनेशनल प्राथमिकताओं पर चर्चा की जाएगी। इस सेशन में सभी देशों के स्टेट हेड्स, मंत्री और अलग अलग संस्थानों के सीनियर रिप्रेंजेंटेटिव मौजूद रहेंगे। इस समिट में सुंदर पिचाई , सैम ऑल्टमैन और बिल गेट्स जैसे 100 से ज्यादा ग्लोबल दिग्गज पीएम मोदी के साथ एक मेज पर बैठेंगे जिसमें भारत में एआई सेक्टर में बड़े निवेश और रणनीतिक पार्टनरशिप पर अहम फैसले होंगे।