कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक बार फिर राज्य के दौरे पर आ रहे हैं। बुधवार को उनका मायापुर जाने का कार्यक्रम तय हुआ है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस दौरे पर अंतिम मुहर लगा दी है।
इस्कॉन के कार्यक्रम में होंगे शामिल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह दोपहर 1 बजकर 35 मिनट पर कोलकाता हवाईअड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से मायापुर के लिए रवाना होंगे। मायापुर में दोपहर 2 बजकर 25 मिनट से शाम 4 बजकर 25 मिनट तक वह इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कांशसनेस (इस्कॉन) के एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे शाम को ही दिल्ली लौट जाएंगे।
यात्रा को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है
सूत्रों के मुताबिक, इस दौरे में किसी राजनीतिक सभा या बैठक का कार्यक्रम शामिल नहीं है। हालांकि, चुनावी माहौल के बीच गृह मंत्री की इस यात्रा को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बंगाल के सात अधिकारी निलंबित
इधर, राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज है। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के अंतिम चरण में चुनाव आयोग ने कड़ा कदम उठाते हुए बंगाल के सात अधिकारियों को निलंबित करने का निर्देश दिया है। आयोग ने इन अधिकारियों पर कर्तव्य में लापरवाही, अधिकारों के दुरुपयोग और अनुचित आचरण के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में राज्य के मुख्य सचिव को कार्रवाई के लिए पत्र भी भेजा गया है।
बंगाली भाषा में भाषण देने की अपील
वहीं, कोलकाता नगर निगम की राजनीति में भी भाषा को लेकर बहस छिड़ गई है। तृणमूल कांग्रेस के मुख्य सचेतक बप्पादित्य दासगुप्ता ने बजट अधिवेशन के दौरान सभी पार्षदों से बंगाली भाषा में भाषण देने की अपील की है। उन्होंने इसे “बंगाल की अस्मिता की रक्षा की लड़ाई” से जोड़ते हुए सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की है। हालांकि, नगर निगम में सत्तारूढ़ दल के कई पार्षद ऐसे भी हैं जिनकी मातृभाषा हिंदी या उर्दू है, जिससे इस मुद्दे पर नई चर्चा शुरू हो गई है।