डेस्क। भारत-बांग्लादेश बॉर्डर को सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है। बॉर्डर इलाके में अक्सर गैरकानूनी गतिविधियों के बारे मे सूचनाएं आती रहती हैं। सुरक्षाबलों की ओर से एक्शन भी लिया जाता है, लेकिन तस्कर और आपराधिक मानसिकता वाले लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं। एक बार फिर ऐसी ही घटना सामने आई है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सतर्क जवानों ने तस्करों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। जवानों ने ₹2.82 करोड़ रुपये मूल्य का 20 किलो सोना जब्त किया है। सोने की इतनी बड़ी खेप की जब्ती से सनसनी फैल गई।
20 किलो सोना जब्त
जानकारी के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास एक तस्कर को पकड़कर उसके पास से करीब 20 किलोग्राम सोने के बिस्किट बरामद किए हैं। बरामद सोने की कीमत लगभग ₹2.82 करोड़ आंकी गई है। बीएसएफ की 32वीं बटालियन, जो हरंदिपुर बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) पर तैनात है, को गुप्त सूचना मिली थी कि मुस्लिमपाड़ा गांव का एक भारतीय नागरिक बांग्लादेश से लाए गए अवैध सोने की तस्करी करने वाला है। इस सूचना के आधार पर जवानों को सतर्क कर दिया गया।
सुबह-सुबह तगड़ा एक्शन
शनिवार सुबह करीब 6 बजे, बीएसएफ कर्मियों ने सीमा के निकट घने बांस के झुरमुट के पीछे एक व्यक्ति को संदिग्ध रूप से घूमते देखा. जवानों ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक प्लास्टिक का पैकेट मिला, जिसमें 20 सोने के बिस्किट रखे थे। बीएसएफ ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति को पूछताछ के लिए हरंदिपुर बीओपी लाया गया। बरामद सोने और तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय सीमा पार होने वाली सोने की तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
तकरीबन 4100 किलोमीटर लंबी सीमा
भारत-बांग्लादेश बॉर्डर 4,096 किलोमीटर लंबी एक अंतरराष्ट्रीय सीमा है, जो दुनिया की सबसे लंबी भूमि सीमाओं में से एक है। यह सीमा भारत के पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा और मिजोरम राज्यों से लगती है।इस सीमा के पार बांग्लादेश के आठ विभाग स्थित हैं, जिनमें मयमनसिंह, खुलना, राजशाही, रंगपुर, सिलहट और चटगांव शामिल हैं। यह सीमा मैदानी, नदी-तटीय और पहाड़ी/जंगलों वाले इलाकों से गुजरती है, और कई जगहों पर यहां घनी आबादी और खेती वाले इलाके हैं। भारत और बांग्लादेश दोनों ने मिलकर सीमा पर विवादों और आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए संयुक्त गश्त और कड़ी निगरानी जैसे कदम उठाने का फैसला किया है।