ढाका। शेख हसीना की सरकार के पतन के डेढ़ साल बाद बांग्लादेश में आज 13वें आम चुनाव हो रहे हैं। 43000 पोलिंग बूथों पर वोटिंग स्थानीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे शुरू हुई, जो शाम 4:30 बजे तक चलेगी। इसके बाद मतगणना होगी और कल 13 फरवरी को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
मीरपुर-10 पर जमात और BNP समर्थकों के बीच झड़प, जमात के चीफ यहीं से हैं उम्मीदवार
ढाका की मीरपुर-10 निर्वाचन सीट में जमात-ए-इस्लामी और बीएनपी समर्थकों के बीच झड़प की खबर आई है। इस सीट से जमात-ए-इस्लामी प्रमुख शफीकुर रहमान चुनाव लड़ रहे हैं।
चुनावी रण में उतरी हैं ये 59 पार्टियां
बता दें कि बांग्लादेश के आम चुनाव में 59 रजिस्टर्ड पार्टियां किस्मत आजमा रही हैं। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और उसकी 10 पार्टियों के गठबंधन और शफीकुर रहमान के नेतृत्व वाली जमात-ए-इस्लामी (JIB) और उसकी 11 पार्टियों के गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर है।
चुनावी रण में उतरे हैं 2028 उम्मीवार
बता दें कि बांग्लादेश के चुनावी रण में 2028 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। BNP गठबंधन 288 सीटों पर और JIB गठबंधन 298 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। इस्लामिक आंदोलन की साख 253 सीटों पर दांव पर लगी है। 2028 उम्मीदवारों में से 249 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। एक साथ 2 वोट पड़ेंगे, जिनमें से एक संसदीय चुनाव और दूसरा रेफरेंडम के लिए होगा।