कोलकाता। प्यार जो न कराए कम है। बांग्लादेश से भारत आई 22 साल की कृष्णा मंडल की कहानी सुनकर आप यही कहेंगे। वे भारत में अपने प्रेमी से मिलने जानवरों से भरे सुंदरबन डेल्टा को पार करके पश्चिम बंगाल आ गईं। शादी भी कर ली, लेकिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उन्हें वापस बांग्लादेश भेजने की तैयारी कर रही है।
कृष्णा मंडल की कुछ समय पहले फेसबुक के जरिए भारत में रहने वाले आशिक मंडल से दोस्ती हुई थी, जो प्यार में बदल गई। उन्होंने शादी का फैसला कर लिया। कृष्णा के पास पासपोर्ट नहीं था इसलिए उसे भारत में एंट्री नहीं मिल रही थी। परेशान होकर उसने सुंदरबन डेल्टा तैरकर भारत आने का फैसला किया।
पत्नी गिरफ्तार, पति परेशान
कृष्णा लगभग एक घंटे नदी में तैरीं और भारत की सीमा में पहुंची। उसने पिछले हफ्ते कोलकाता के मंदिर में शादी कर ली। पुलिस को खबर लगी तो कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि उसके पास भारत आने के जरूरी दस्तावेज नहीं हैं। उसे बांग्लादेश बॉर्डर पर अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। अब कृष्णा का पति आशिक मंडल काफी परेशान है और कानूनी मदद लेने की सोच रहा है।
पहले भी हो चुकी है इस तरह की घुसपैठ
यह पहली बार नहीं है जब किसी ने इस तरह सुंदरबन को तैरकर भारत में घुसपैठ की हो। इस साल की शुरुआत में भी एक युवक चॉकलेट खरीदने के लिए ऐसे ही भारत में घुसा था। तब अदालत ने उसे 15 दिन की जेल की सजा सुनाई थी।
10 हजार वर्ग किमी क्षेत्र में फैला है सुंदरबन
सुंदरबन के जंगल 10 हजार वर्ग किमी क्षेत्र में भारत और बांग्लादेश में फैले हुए हैं। इनमें से लगभग 60 फीसदी हिस्सा दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश में, जबकि 40 फीसदी हिस्सा भारत के बंगाल में स्थित है। भारत में यह दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना में स्थित है।
सुंदरबन की दुर्लभ वनस्पतियां व जीव-जंतु
सुंदरवन में खासकर मैंग्रोव के जंगल हैं। मैंग्रोव के जंगल भी कई तरह के हैं। इनमें प्रमुख हैं : एविसिन निआल्बा, सी. टैगल, फोनिक्स पालुडोसा, रिजो फॉरेस्प। सुंदरबन के इकोसिस्टम पर दो बार आने वाले ज्वार का भी असर रहता है। ज्वार के कारण वहां की वनस्पतियों पर भी असर पड़ता है। इस क्षेत्र में कम से कम 40 प्रकार के माइक्रोब्स, 270 प्रकार के शैवाल, 128 तरह के फायटो-प्लैंटॉन्स आदि पाए जाते हैं।
बंगाल टाइगर यहां का प्रमुख प्राणी है। फिशिंग कैट, जंगल कैट, लेपर्ड कैट भी यहां प्रमुखता से मिलती हैं। ऊदबिलाव (स्मूद इंडियन ऑटर), छोटे पंजे वाले ऊदबिलाव (स्मॉल क्लॉड ऑटर) भी नजर आ जाते हैं। जलीय प्राणियों में जो अक्सर ज्वारीय पानी में दिखाई देते हैं, में शामिल हैं – इंडो पैसिफिक हम्प बैक्ड डॉलफिन, इरावाडी डॉलफिन आदि।