Home » पश्चिम बंगाल » सिलीगुड़ी » भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर हुए हमले को लेकर सीएम ममता ने दी प्रतिक्रिया, कहा- किसी पर हमला नहीं होना चाहिए

भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर हुए हमले को लेकर सीएम ममता ने दी प्रतिक्रिया, कहा- किसी पर हमला नहीं होना चाहिए

सिलीगुड़ी/कोलकाता। उत्तरबंगाल में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने गए भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर सोमवार को हमला हुआ है। घटना में खगेन मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें रक्तस्राव की स्थिति में. . .

सिलीगुड़ी/कोलकाता। उत्तरबंगाल में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने गए भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर सोमवार को हमला हुआ है। घटना में खगेन मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें रक्तस्राव की स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हमले के बाद भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और इस पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को घेरा है।
घटना के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तरबंगाल से प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “आपदा के समय सभी को मिलकर काम करना चाहिए। किसी के बहकावे में न आएं। किसी पर हमला नहीं होना चाहिए। हर किसी को आने, बात करने और लौटने का अधिकार है।” हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि “30-40 गाड़ियों के काफिले के साथ बाढ़ग्रस्त इलाकों में जाना लोगों के गुस्से को भड़का सकता है।”
लेकिन भाजपा मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी से संतुष्ट नहीं है। भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा, “ममता बनर्जी अच्छी बातें कहकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश कर रही हैं। अगर उन्हें पहले से जानकारी थी, तो पुलिस ने पहले से कार्रवाई क्यों नहीं की?” उन्होंने मांग की कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।
घटना नागराकाटा में हुई, जहां दौरे पर गए सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष की गाड़ी पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया। हमलावरों ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और पीछे से सांसद पर हमला किया गया। खगेन मुर्मू के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और रक्तस्राव शुरू हो गया। शंकर घोष ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि हमले के पीछे तृणमूल समर्थित बदमाशों का हाथ है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उत्तरबंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा ने कहा कि हमला स्थानीय लोगों के गुस्से का परिणाम था, न कि किसी राजनीतिक साजिश का।
घटना की BJP नेताओं शुभेंदु अधिकारी और सुकांत मजूमदार ने कड़ी निंदा की है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।