बालाघाट । मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले केवलारी चौक के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि, हादसे में कार सवार छह में से तीन लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसे में 8 साल की बच्ची बाल-बाल बच गई। हादसा, शनिवार रात 12 बजे कार के अचानक अनियंत्रित होकर पलटने के कारण हुआ है। कार सड़क के किनारे पलट गई।
कार पलटने के बाद उसमें आग लग गई। इसी बीच कार सवार तीन लोग तो जैसे-तैसे झुलसते हुए बाहर आ गए, लेकिन अचानक हीआग की लपटें बेकाबू हो गईं, जिसकी चपेट में आने से कार सवार अन्य तीन लोगों को निकलने तक का मौका नहीं मिला। मिली जानकारी के अनुसार, इस भयावह हादसे में 65 वर्षीय नगारची केलकर, 28 वर्षीय सविता केलकर और 3 वर्षीय अभि केलकर की आग की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
तीन लोगों को कार के कांच फोड़कर निकाला
जबकि राह चलते लोगों ने किसी तरह खिड़की के कांच तोड़कर 8 साल की पूर्वी राहांगडाले को निकाला। उसके बाद वाहन चला रहे 30 वर्षीय सीतम केलकर और उसकी मां 60 वर्षीय नानाबाई केलकर जैसे-तैसे गंभीर अवस्था में निकाला। घायलों को बैहर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, कार चालक सीतम केलकर अपने गृह ग्राम पोंडी (परसवाड़ा) से पौनी जा रहा था, उनकी पौनी में वेल्डिंग की दुकान है।
कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लगी आग
वह तीन दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पोंडी आया था। जहां से देर रात वह अपने माता-पिता को लेकर पौनी लौट रहा था। साथ में पड़ोस में मेहमान आई 8 साल की बच्ची पूर्वी राहांगडाले भी थी, जो अपने घर पौनी वापस जा रही थी। तभी मलाजखंड रोड पर केवलारी चौराहे के समीप उनकी आल्टो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उसमें भीषण आग लग गई।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
हादसा संभवतः नींद की झपकी के कारण होना प्रतीत हो रहा है। चूंकि एक टर्निंग के बाद कार सीधे नीचे की ओर सड़क से उतर गई जिसके बाद वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बैहर टीआई जयंत मर्सकोले ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली कि केवलारी चौराहे के समीप एक वाहन में आग लग गई है।
पड़ताल जारी
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एक बच्ची सलामत है। लोगों ने किसी तरह तीनों को बाहर निकाला, लेकिन आग भयंकर होने के कारण तीन लोग कार में ही जल गए। प्रथम दृष्टया तेज गति की वजह से वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।