नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी ने मलयेशिया रवाना होने से पहले एक बयान में कहा, ‘भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों में हाल के वर्षों में प्रगति हुई है।’ उन्होंने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी बातचीत का इंतजार कर रहा हूं, और दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की उम्मीद करता हूं। हम अपने रक्षा और सुरक्षा संबंधों को गहरा करने, अपनी आर्थिक और इनोवेशन साझेदारी को बढ़ाने और अपने सहयोग को नए क्षेत्रों में विस्तार देने का लक्ष्य रखेंगे।
रक्षा, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और नवाचार जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग
इस यात्रा से पहले पीएम मोदी ने साफ संकेत दिए कि भारत अब मलेशिया के साथ रक्षा, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और नवाचार जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करना चाहता है। रवाना होने से पहले जारी बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंध रहे हैं और बीते कुछ वर्षों में इन रिश्तों में लगातार मजबूती आई है। उन्होंने कहा कि वह मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ विस्तृत बातचीत को लेकर उत्साहित हैं।
पीएम मोदी के मुताबिक, दोनों देश अपनी समग्र रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर फोकस करेंगे। इसमें रक्षा और सुरक्षा सहयोग के साथ-साथ व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को नई दिशा देने पर चर्चा होगी। साथ ही दोनों देश नए क्षेत्रों में सहयोग के रास्ते भी तलाशेंगे।
मलेशिया रवाना होने का वीडियो आया सामने
पीएम नरेंद्र मोदी का मलेशिया से रवाना होने का वीडियो सामने आया है। इसमें वह हमेशा की तरह एक सफेद कुर्ते में हैं और उनके दाहिने कंधे पर शॉल रखा है. रवाने होने के दौरान उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात की।
मलेशिया में भव्य स्वागत की तैयारी
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को लेकर मलेशिया में भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह है। कुआलालंपुर में उनके स्वागत के लिए एक भव्य सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसका नाम है ‘वेलकम मोदी जी’. इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि यहां 750 से ज्यादा कलाकार एक साथ मंच पर उतरेंगे और सामूहिक नृत्य प्रस्तुति देंगे। आयोजकों का दावा है कि यह आयोजन मलेशियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो सकता है. रिकॉर्ड के लिए आवेदन पहले ही किया जा चुका है और रिकॉर्ड्स टीम मौके पर मौजूद रहेगी।