रायरबरेली। उत्तर प्रदेश के रायरबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार और बेकाबू कार का कहर देखने को मिला है। सुलतानपुर जनौली के पास हाईवे पर पैदल चल रहे 4 लोगों को कार रौंदते हुए निकल गई। हादसे में घायल 7 लोगों में से 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं 3 लोग गंभीर घायल हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों में एक नाबालिग लड़की शामिल है।
कार छोड़कर फरार हुआ आरोपी ड्राइवर
CO डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने हादसे की पुष्टि की और बताया कि चारों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं और तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार जब्त कर ली गई है, लेकिन आरोपी फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीमें भेजी गई हैं। शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज किया है। हादसे के बारे में पता चलते आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और हाईवे पर ट्रैफिक जाम भी लग गया था।
एंबुलेंस के लेट आने से आक्रोशित हैं लोग
जगतपुर CHC और जिला अस्पताल पहुंचने तक आसमा और रश्मि भी दम तोड़ चुकी थीं। अस्पताल पहुंचते ही दोनों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। वहीं लोगों का कहना है कि घायलों की जान बच सकती थी, लेकिन एंबुलेंस पहले तो आधा घंटा देरी से आई और फिर उसका दरवाजा ही नहीं खुला। किसी तरह दरवाजा खोला और फिर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। लक्ष्मणपुर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर जाम लग गया था।