डेस्क। पॉपुलर सुपरहीरो शो ‘शक्तिमान’ में गीता विश्वास के किरदार से फेम पाने वाली एक्ट्रेस वैष्णवी मेकडोनाल्ड ने हाल ही में सिद्धार्थ शुक्ला को लेकर हैरतअंगेज दावे किए। उन्होंने बताया कि दिवंगत एक्टर सेट पर अपनी को-एक्ट्रेसेज के साथ संजीदगी से नहीं पेश आते थे।
‘दिल से दिल तक’ सीरियल में सिद्धार्थ शुक्ला की मां का किरदार अदा कर चुकीं वैष्णवी मेकडोनाल्ड ने सिद्धार्थ कनन संग खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़े कई राज खोले। इसके अलावा उन्होंने सेट कलाकारों के व्यवहार को लेकर भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सिद्धार्थ शुक्ला का रवैया अपनी को-एक्ट्रेसेज संग ठीक नहीं था, वो उनके साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते थे।
वैष्णवी का सिद्धार्थ संग ऑफस्क्रीन रिश्ता कैसा था?
जब वैष्णवी मेकडोनाल्ड से कहा गया कि उनका सिद्धार्थ शुक्ला के साथ बहुत अच्छा बॉन्ड था, इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘नहीं, इतना अच्छा बॉन्ड नहीं था। लेकिन उसकी भी शुरुआत ऐसी ही हुई थी, जब पहले दिन मैं शूट पर गई तो उसे मेरे बारे में काफी कुछ पता था। पहले दिन वो काफी क्यूरियस और समझदार लगे थे।
‘बिग बॉस में सिद्धार्थ की छवि विपरीत दिखाई गई’
वैष्णवी मेकडोनाल्ड ने कहा, ‘सच कहूं तो बिग बॉस में जो उनकी छवि दिखाई गई वो असल में वैसी नहीं थी। वो उसके बिल्कुल विपरीत थे। उन्हें बहुत ही अच्छे और स्वीट लड़के की तरह दिखाया गया था। शहनाज गिल के साथ क्यूट लव स्टोरी दिखाई गई, जिससे कहानी का रुख कहीं ओर ही चला गया। बीच-बीच में रश्मि को लेकर भी बातें हो रही थी और फिर जैस्मिन की एंट्री हुई।’
गंदी गालियां देते थे सिद्धार्थ- वैष्णवी
उन्होंने आगे कहा, ‘जब सिद्धार्थ रश्मि के बारे में बोलते थे तब मेरी खटक गई थी। रश्मि के साथ जो हो रहा था। मैं ये नहीं कह रही कि रश्मि बहुत ही परफेक्ट इंसान है, लेकिन सेट पर काम करने के लिए वो काफी अच्छी हैं। सेट पर वो सभी के साथ हंसती-चहकती थी। हम सभी साथ में खाना खाते थे। मैंने रश्मि को कभी सेट पर गलत व्यवहार करते नहीं देखा। उसे जो चाहिए, वो एक अलग तरीके से मांगें रखती थी, लेकिन उन्होंने कभी गंदी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया। लेकिन सिद्धार्थ बहुत गंदी गालियां देते थे। तो बिग बॉस में जो दिखाया गया, वो उसके बिल्कुल विपरीत था।’
‘सिद्धार्थ ने रश्मि को गलत तरीके से पेश किया’
एक्ट्रेस ने कहा, ‘फिलहाल मुझे ठीक से याद नहीं, लेकिन कुछ तो ऐसा माहौल था कि सिद्धार्थ रश्मि को गलत तरीके से पेश कर रहा था। जैसे वही समस्या पैदा करती हैं। जबकि सिद्धार्थ सेट पर महिलाओं के प्रति सम्मानजनक नहीं थे। यहां तक कि वो रश्मि और जैस्मिन के लिए भी सम्मानजन नहीं थे। वो दोनों के कभी दोस्त बनते तो कभी किसी एक के साथ मिलकर दूसरी को टारगेट किया करते थे। किसी एक का दोस्त बनना मतलब- गैंगअप करके किसी एक की रैगिंग करना। सेट पर रैगिंग होती थी और गंदे शब्द का इस्तेमाल होता था।’
‘एक्टर के व्यवहार को नजरअंदाज किया क्योंकि…’
उन्होंने एक वाकया का जिक्र करते हुए कहा कि एक बार उनका शॉट तैयार था, तकरीबन 40 से 45 मिनट से उनका इंतजार हो रहा था। लेकिन सिद्धार्थ शॉट देने के बजाय उन्हें गुस्से से देख रहे थे। एक्ट्रेस ने बताया कि सिद्धार्थ के ऐसे व्यवहार को रश्मि और जैस्मिन मजाक में लेती थीं, शायद इसलिए मैंने भी कोई कदम नहीं उठाया और नजरअंदाज करना ही बेहतर समझा। अगर वो आवाज उठातीं तो मैं उनका साथ देती।
वैष्णवी ने बताया कि एक समय ऐसा भी आया जब पानी सिर के ऊपर से चला गया था। उन्हें सेट छोड़कर बाहर जाने को कह दिया गया था। हालांकि बाद में चैनल की मांग पर उन्हें फिर से बुलाया गया। उनके व्यवहार को लेकर मैं बहुत कंट्रोल करती थी, ताकि मेरी वजह से प्रोड्यूसर कोई नुकसान न हो।