डेस्क. भारतीय क्रिकेट के लिए रविवार को ऐतिहासिक मौका रहा। टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार वुमन्स वर्ल्ड कप अपने नाम किया। लेकिन इसके कुछ घंटे बाद ही इस पर राजनीतिक विवाद हो गया, जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वुमन्स टीम को जीत पर बधाई दी। बीजेपी ने ममता बनर्जी के महिलाओं पर दिए हाल ही के एक बयान का जिक्र कर उन पर निशाना साधा।
ममता बनर्जी ने टीम इंडिया की जीत पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, आज पूरा देश नीली जर्सी में हमारी महिला टीम की उपलब्धि पर बेहद गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने जो खेल और पूरे टूर्नामेंट में कमांड दिखाई, वो युवा लड़कियों की पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। आपने साबित कर दिया है कि आप वर्ल्ड क्लास टीम हैं। आपने हमें कुछ बेहतरीन पल दिए हैं। आप हमारी हीरो हैं। भविष्य में कई बड़ी जीतें आपका इंतजार कर रही हैं। हम आपके साथ हैं।
बीजेपी का तंज- आपने कहा था 8 बजे तक वापस घर आ जाएं
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बधाई संदेश पर बीजेपी तंज कसने से पीछे नहीं रही। पश्चिम बंगाल बीजेपी ने ममता के ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए लिखा, ‘अरे, ये (महिला टीम) तो 12 बजे तक खेल रही है। लेकिन आपने तो उन्हें 8 बजे तक घर लौटने के लिए कहा था।’
दरअसल, बीजेपी का ये तंज ममता के अक्टूबर में रेप केस को लेकर दिए बयान पर था। बंगाल में पिछले दिनों ओडिशा की मेडिकल छात्रा के साथ रेप हुआ था। जब ममता ने सवाल किया था कि पीड़िता रात 12.30 बजे तक बाहर क्यों थी। उन्होंने कहा था- लड़कियों को रात में बाहर नहीं निकलने देना चाहिए। उन्हें अपनी सुरक्षा भी करनी होगी।

ममता के बयान पर हुआ था विवाद
ममता के बयान पर काफी विवाद हुआ था। केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा था, मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की ध्वस्त स्थिति की जfम्मेदारी से बच नहीं सकतीं। हैरानी की बात यह है कि अब भी उन्होंने निजी मेडिकल कॉलेज पर ही दोष लगाना शुरू कर दिया है।
साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय वुमन्स टीम ने इतिहास रचा। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में में खेले गए वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया। ओपनर शेफाली वर्मा ने ऑलराउंडर परफॉर्मेस किया। इसी के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में 215 रन बनाए और 22 विकेट भी लिए। फाइनल में दीप्ति ने 5 विकेट लिए। शेफाली ने 87 रन की पारी खेली। बॉलिंग में उन्होंने 2 विकेट भी लिए।