नई दिल्ली: आईपीएल 2026 का चौथा मुकाबला पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। बीते 31 मार्च को खेले गए इस मुकाबले में पंजाब ने गुजरात पर 3 विकेट की रोमांचक जीत दर्ज की। रनर्स अप पंजाब किंग्स ने आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज जीत के साथ किया है। हालांकि पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर पर मैच के दौरान एक गलती के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना भी लगा है।
बीसीसीआई ने क्यों श्रेयस अय्यर पर ठोका जुर्माना?
पंजाब किंग्स के कप्तान और स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ स्लो ओवर रेट के लिए बीसीसीआई ने 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। आईपीएल द्वारा जारी किए गयए बयान में कहा गया, ‘पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को टाट इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के चौथे मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ स्लो ओवर रेट के लिए फाइन किया गया है, जोकि न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंदीगढ़ में खेला गया था।’
पिछले साल भी लग चुका अय्यर पर जुर्माना
श्रेयस अय्यर पर आईपीएल में पहली बार जुर्माना नहीं लगा है। उन्हें पिछले साल भी बीसीसीआई द्वारा स्लो ओवर रेट के लिए सजा मिली थी। एक बार नहीं बल्कि दो बार अय्यर पर स्लो ओवर रेट के लिए जुर्माना ठोका गया था। पहली बार में 12 लाख तो दूसरी बार स्लो ओवर रेट के लिए श्रेयस अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगा था।
बता दें कि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर तो 2024 के आईपीएल में लगातार तीन बार स्लो ओवर रेट के चलते एक मैच के लिए बैन लगा दिया गया था और उनपर 30 लाख रुपये का जुर्माना भी ठोका गया था। उस वक्त पंत दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान थे।