डेस्क। बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर उदित नारायण झा एक बार फिर विवादों में हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना झा ने सुपौल के महिला पुलिस स्टेशन में गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने सिंगर, उनके दो भाइयों और उनकी दूसरी पत्नी पर आपराधिक साजिश, धोखे और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। रंजना का दावा है कि इलाज के नाम पर उनके साथ ऐसा प्रोसीजर किया गया जिसके बारे में उन्हें उस समय बताया नहीं गया था, लेकिन बाद में जब सच्चाई सामने आई तो उनकी जिंदगी बदल गई।
पहली पत्नी ने क्या आरोप लगाया
रंजना झा की शिकायत के मुताबिक, 1996 में उन्हें इलाज के बहाने दिल्ली के एक बड़े हॉस्पिटल में ले जाया गया। उनका दावा है कि वहां उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनका गर्भाशय निकाल दिया गया। रंजना का कहना है कि उन्हें इस फ्रॉड का पता कई साल बाद तब चला जब वह किसी दूसरी बीमारी के इलाज के लिए डॉक्टर के पास गईं। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक मेडिकल दिक्कत नहीं थी, बल्कि एक सोची-समझी चाल थी जिसने उन्हें न सिर्फ शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी तोड़ दिया। अगर उन्हें पहले सच बताया गया होता, तो वह ऐसा फैसला कभी नहीं लेतीं।
1984 में उदित नारायण से हुई थी शादी
रंजना अपने वकील करुणाकांत झा के साथ मंगलवार को महिला पुलिस स्टेशन पहुंची और एक लिखित आवेदन दिया। वह बताती हैं कि वह सुपौल जिले के बलुआ बाजार थाना इलाके की रहने वाली हैं और उनकी शादी 7 दिसंबर 1984 को पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों से उदित नारायण के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ समय साथ रहने के बाद सिंगर अपने करियर के लिए मुंबई चले गए। दूरी बढ़ती गई और बातचीत कम होती गई।