सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी के सेवक रोड पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है।
पैदल जा रहे दो लोगों को कर ने कुचला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, भक्तिनगर की ओर से पानीटंकी की दिशा में पैदल जा रहे दो लोगों को एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कार ने अचानक जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों लगभग 20 से 30 फीट दूर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन की रफ्तार अत्यधिक तेज थी।
सूचना मिलते ही सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शंकर छेत्री के रूप में हुई है, जो भारत-नेपाल सीमा से सटे खड़िबाड़ी क्षेत्र के निवासी थे। घायल युवती पहाड़ी क्षेत्र की बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
घटना के बाद सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस (ट्रैफिक) के डिप्टी पुलिस कमिश्नर काजी शमसुद्दीन अहमद, एडीसीपी अभिषेक मजूमदार सहित ट्रैफिक विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।जानकारी के अनुसार, कार ने दोनों राहगीरों को टक्कर मारने के बाद पास में खड़े एक टोटो वाहन को भी जोरदार टक्कर मारी और फिर तेजी से फरार हो गई।
फिलहाल पुलिस ने सफेद रंग की संदिग्ध कार की तलाश तेज कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और विभिन्न स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। मामले की जांच जारी है।