गुजरात। गुजरात के सूरत शहर में बड़ा हादसा हुआ है। यहां के लिंबायत इलाके में एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में चार महिलाएं और एक छोटा बच्चा शामिल है। यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मीठी खाड़ी इलाके में हुआ। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
साड़ी पैकिंग के दौरान लगी आग
पुलिस के अनुसार, जिस मकान में आग लगी वहां साड़ी पैकिंग का काम होता था। हादसे के समय परिवार के सदस्य फोम शीट की मदद से साड़ियों को पैक कर रहे थे। छुट्टी का दिन होने के कारण घर में पैकिंग का काफी सारा सामान और फोम जमा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरे कमरे में काला धुआं भर गया।
दम घुटने से गई पांच लोगों की जान
उप पुलिस आयुक्त कानन देसाई ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कमरे के अंदर धुआं ही धुआं भरा था। लोग अंदर फंसे लोगों का दम घुटने लगा। गंभीर हालत में सभी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
शॉर्ट सर्किट हो सकता है कारण
शुरुआती जांच में सामने आया है कि बिजली के बोर्ड में स्पार्क होने की वजह से आग लगी होगी। बोर्ड के पास ही फोम की शीट रखी हुई थी, जिसमें रसायनों का इस्तेमाल होता है। आग पकड़ते ही इस फोम से जहरीली गैस और भारी धुआं निकलने लगा। इसी जहरीले धुएं की चपेट में आने से परिवार के सदस्य बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे मृतक
हादसे का शिकार हुए लोग मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और सूरत में साड़ी पैकिंग का काम करते थे। मृतकों की पहचान शहनाज बेगम अंसारी (65), हुसा बेगम अंसारी (18), शबीना अंसारी (28), परवीन अब्दुल अंसारी (19) और सुभान अली अंसारी (4) के रूप में हुई है। घटना के समय घर के पुरुष काम पर बाहर गए हुए थे।
चश्मदीदों ने बताया आंखों देखा हाल
स्थानीय निवासी यूनुस खान ने बताया कि आग बहुत तेजी से फैली क्योंकि घर के अंदर फोम और साड़ियों के ढेर लगे थे। आग लगते ही परिवार के लोग जान बचाने के लिए पीछे के कमरे की ओर भागे, लेकिन वहां भी जहरीला धुआं पहुंच गया। फोम में मौजूद केमिकल के कारण धुएं ने सबको अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।