नई दिल्ली। महाराष्ट्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एकनाथ शिंदे गुट ने आज दोपहर बैठक की। इसमें बीजेपी के साथ मिलकर महाराष्ट्र में सरकार बनाने पर मंथन हुआ। अभी तक की जानकारी के अनुसार, शिंदे गुट को 12 मंत्री पद मिल सकते हैं। बीजेपी के 29 मंत्री होंगे। महाराष्ट्र की राजनीति हर दिन नया मोड़ ले रही है। देखना होगा कि शह और मात के इस खेल में जीतता कौन है, क्योंकि महाराष्ट्र की सियासत जिस मोड़ पर है, वहां कभी भी कुछ भी हो सकता है।
गुवाहाटी के होटल से बाहर निकले शिंदे, अब जा सकते हैं मुंबई
इस बीच एकनाथ शिंदे गुवाहाटी के होटल से बाहर निकल आए हैं। माना जा रहा है कि वह थोड़ी देर में मुंबई के लिए रवाना हो सकते हैं। मुंबई में शिंदे राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात कर सकते हैं। इसके साथ ही सरकार गठन की संभावनाओं पर भी कयास तेज हो गए हैं। खबर है कि दो दिन के अंदर पीजेपी अविश्वास प्रस्ताव ला सकती है। उधर बीजेपी ने भी अपने सभी विधायकों को 29 जून तक मुंबई बुलाया है।
हिंदुत्व का मुद्दा आगे लेकर जा रहे, शिवसेना में हैं, शिवसेना को आगे ले जाएंगे: शिंदे
एकनाथ शिंदे मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे अचानक गुवाहाटी के रेडिसन ब्लू होटल से बाहर आए। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए शिंदे ने कहा कि हम हिंदुत्व का मुद्दा आगे लेकर जा रहे हैं। हम अब भी शिवसेना में हैं और शिवसेना को आगे ले जाएंगे। शिंदे ने इस दौरान कहा कि हम बालासाहेब के हिंदुत्व को आगे लेकर जा रहे हैं। यहां जो 50 लोग आए हैं ये अपनी मर्जी से आए हैं और इनका कोई स्वार्थ नहीं है। बताते चलें कि शिंदे गुट और बीजेपी के बीच सरकार बनाने की अटकलें तेज हो गई हैं। इस बीच खबर है कि शिंदे आज मुंबई पहुंच सकते हैं।
महाराष्ट्र में दो दिन में आ सकता है अविश्वास प्रस्ताव
महाराष्ट्र में चल रहे सियासी संकट के बीच पल-पल तस्वीर बदल रही है। इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास अघाड़ी सरकार के खिलाफ अगले दो दिन के अंदर अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक पीजेपी के पास दो विधायक हैं और यह पार्टी 30 जून को अविश्वास प्रस्ताव ला सकती है। उद्धव ठाकरे सरकार गहरे संकट में है। एकनाथ शिंदे के समर्थन में शिवसेना के 40 विधायक बताए जा रहे हैं ऐसे में उद्धव सरकार पर खतरा मंडरा रहा है। इन सबके बीच मातोश्री में उद्धव टाकरे जिला प्रमुखों और नगरसेवकों के साथ बैठक कर रहे हैं।
महाराष्ट्र में बीजेपी और शिंदे’सेना’ बनाएंगे सरकार! किसके कितने मंत्री, इस फॉर्म्युले पर डील हुई सील?
महाराष्ट्र की सियासत में हर पल नई संभावनाएं पैदा हो रही हैं। एक तरफ जहां महाविकास अघाड़ी को बचाने के लिए कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना तीनों मिलकर प्रयास कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ लगातार एकनाथ शिंदे गुट सरकार को गिराने की कोशिशों में जुटा हुआ है। इन सबके बीच इस तरह की भी खबरें हैं कि आगामी शनिवार या रविवार तक महाराष्ट्र में नई सरकार बन सकती है। यह सरकार बन पाएगी या नहीं इस पर लेकर अभी भी असमंजस बरकरार है। बावजूद इसके सूत्रों के हवाले से खबर है कि डील फाइनल हो चुकी है और बीजेपी ने बागी एकनाथ शिंदे गुट के साथ विभागों का बंटवारा कर लिया है। बताया जा रहा है कि एकनाथ शिंदे को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।