नई दिल्ली। एयर इंडिया और इंडिगो के बाद, अकासा एयर (Flight Ticket Price Hike) ने भी पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच तेल की कीमतों में वृद्धि के मद्देनजर उड़ान टिकटों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा की है। आधिकारिक बयान के अनुसार, एयरलाइन 15 मार्च से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों के टिकटों पर 199 रुपये से लेकर 1300 रुपये तक का ईंधन अधिभार लागू करेगी।
एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो सहित अन्य एयरलाइंस ने भी अपने फ्लाइट टिकटों पर इसी तरह के शुल्क लागू किए हैं। शनिवार को जारी एक बयान में, अकासा एयर ने विस्तार से बताया कि ईंधन अधिभार प्रत्येक उड़ान पर लागू होगा, जिसकी राशि उड़ान की अवधि के आधार पर अलग-अलग होगी।
क्या पहले से की गई बुकिंग पर भी लागू होगा महंगा किराया?
बयान में कहा गया है, “अकासा एयर 15 मार्च, 2026 को 00:01 बजे से की गई सभी बुकिंग पर अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर 199 रुपये से लेकर 1300 रुपये तक का ईंधन अधिभार लागू करेगी।” यह किराया 15 मार्च, 2026 को 00:01 बजे से पहले की गई बुकिंग पर लागू नहीं होगा।
एयरलाइन ने इस बात पर जोर दिया कि विमानन टरबाइन ईंधन की कीमतों में हुई महत्वपूर्ण वृद्धि पश्चिम एशिया में चल रहे भू-राजनीतिक घटनाक्रमों का परिणाम है। बयान में बताया गया है, “चूंकि ईंधन एयरलाइन परिचालन लागत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए यह विमानन उद्योग में परिचालन लागत को प्रभावित करता है।” इसके अतिरिक्त, अकासा एयर ने बताया कि वह परिचालन वातावरण की निगरानी करना जारी रखेगी और समय-समय पर ईंधन अधिभार की समीक्षा करेगी।
इंडिगो का अलग-अलग रूट के हिसाब से अतिरिक्त फ्यूल चार्ज कितना
@भारत के भीतर घरेलू उड़ानें: ₹425 प्रति सेक्टर
@भारतीय उपमहाद्वीप: ₹425
@मिडिल ईस्ट: ₹900
@साउथ ईस्ट एशिया और चीन: ₹1,800
@अफ्रीका और वेस्ट एशिया: ₹1,800
@यूरोप: ₹2,300
यानी अब हर टिकट की कीमत में यह अतिरिक्त रकम शामिल होगी।