नई दिल्ली। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 12वां दिन है। इस युद्ध में अब तक 140 अमेरिकी सैनिक घायल हो चुके हैं, जबकि 7 सैनिकों की मौत की पुष्टि हुई है। उधर ईरान का कहना है कि उसके देश में हुए हमलों में करीब 8000 घरों को नुकसान पहुंचा है और 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
संयुक्त राष्ट्र (UN) में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी के मुताबिक देश में करीब 9600 सिविलियन इलाकों को निशाना बनाया गया। इनमें घरों के अलावा बाजार, अस्पताल, मेडिसिन सेंटर्स और स्कूल भी शामिल हैं। इस बीच ईरान ने यह भी दावा किया है कि उसने इजराइल के कई शहरों पर मिसाइल हमले किए हैं। ईरान के मुताबिक हाइफा, यरुशलम और तेल अवीव को निशाना बनाया गया। नेतन्याहू ने ईरान युद्ध के लिए स्पेशल बजट बनाने का एलान किया। इस बीच युद्ध की वजह से दुनिया के कई देशों में तेल संकट नजर आ रहा है।
जंग में 140 अमेरिकी सैनिक घायल
अमेरिका के रक्षा विभाग के मुताबिक युद्ध में अब तक 7 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई जबकि करीब 140 घायल हुए हैं। वहीं UN में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी के मुताबिक देश में करीब 9600 सिविलियन इलाकों पर हमले हुए हैं। अब तक ईरान में करीब 1300 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 8000 घरों को नुकसान पहुंचा है।
ट्रंप की ईरान को चेतावनी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल आपूर्ति रोकने की कोशिश की गई तो अमेरिका 20 गुना ज्यादा ताकत से जवाब देगा। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल मार्गों में से एक है और यहां किसी भी तरह की बाधा का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है।
नेतन्याहू की ईरानियों से अपील
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक लड़ाई है, जिसका मकसद आजादी और बदलाव है। उन्होंने ईरान के लोगों से अपील की कि वे इस मौके को पहचानें और अपने देश में अयातुल्ला शासन को हटाने के लिए तैयार रहें। उन्होंने ईरान युद्ध के लिए स्पेशल बजट बनाने का भी एलान किया।
तेल संकट का 9 देशों पर असर
भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश समेत 9 देशों में तेल संकट का असर दिखाई दे रहा है। कमर्शिअल गैस सिलेंडर की कमी से भारत के कई राज्यों में होटल इंडस्ट्री पर संकट के बादल छाए हुए हैं। घरेलू गैस सप्लाई बाधित होने की आशंका के चलते लोग गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें दिखाई दे रही है। पाकिस्तान और बांग्लादेश में पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें।
महंगा हुआ हवाई सफर
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष की वजह से विमान ईंधन (ATF) की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 12 मार्च से हर घरेलू उड़ान के टिकट पर 399 रुपए का अतिरिक्त ईंधन शुल्क जोड़ेंगी। दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन के लिए उड़ानों पर भी 399 रुपए प्रति टिकट ईंधन अधिभार लागू होगा।