डेस्क। भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर सुपर-8 में अपना पहला मुकाबला जीत लिया। जिम्बाब्वे के सामने 257 रन का लक्ष्य था, लेकिन ब्रायन बैनेट की शानदार 97 रन की पारी के बावजूद भी टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 184 रन ही बना पाई। इस जीत के बाद टीम इंडिया के नेट रन रेट में भी सुधार आया, लेकिन अब भी वह निगेटिव में है। अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे अपना आखिरी मुकाबला जोकि 1 मार्च को वेस्टइंडीज से है जीतना पड़ेगा। जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने बल्लेबाजों की तो तारीफ की, लेकिन साथ ही बताया कि कहां कमी रह गई। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने आखिरी मुकाबले को लेकर भी बात की। ग्रुप वन में साउथ अफ्रीका की टीम पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और अब एक मार्च को होने वाले मैच से पता चलेगा कि इस ग्रुप से दूसरी सेमीफाइनलिस्ट टीम कौन होगी?
गेंदबाजी हो सकती थी अच्छी
जीत के बाद बोलते हुए सूर्या ने कहा ‘ईमानदारी से कहूं तो गेंदबाजी में हम थोड़ा बैटर हो सकते थे। लेकिन खुश है कि आखिरकार हमने जीत के साथ फिनिश किया। हम अगले मैच में अपनी गलतियों पर काम करके आएंगे। वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टर फाइनल से पहले सूर्या ने कहा कि हम अपनी सारी गलतियों पर काम करने के बाद उतरेंगे। लेकिन हम बल्लेबाजों से श्रेय लेना नहीं चाहते हैं, जिन्होंने आज अच्छी बल्लेबाजी की। सूर्या ने जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों की भी तारीफ की।
हमने बल्लेबाजी पर काम किया
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हम इस मुकाबले में हम अपनी सारी चीजें पीछे छोड़कर उतरे थे। लीग स्टेज में हमने कैसी क्रिकेट खेली उसे ध्यान में नहीं रखा था। हमने पुरानी क्लिप देखी। वीडियो एनालिस्ट ने बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए एक स्लाइड तैयार किया था, जिसका हमें फायदा हुआ। हम यहां आनें से पहले यह सोचकर आए थे कि एक से 7 तक सभी बल्लेबाज योगदान देंगे। मैच में हम वही करने में सफल रहे।