Home » झारखण्ड » झारखंड में नक्सलियों ने किया आईईडी ब्लास्ट, एक जवान शहीद, दो जवान अस्पताल में भर्ती, एक विधायक का भाई

झारखंड में नक्सलियों ने किया आईईडी ब्लास्ट, एक जवान शहीद, दो जवान अस्पताल में भर्ती, एक विधायक का भाई

चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला के घने सारंडा जंगल से फिर नक्सल हिंसा हो गई। देर शाम जराईकेला थाना क्षेत्र के सामठा के बाबूडेरा इलाके में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाते हुए आईईडी ब्लास्ट कर. . .

चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला के घने सारंडा जंगल से फिर नक्सल हिंसा हो गई। देर शाम जराईकेला थाना क्षेत्र के सामठा के बाबूडेरा इलाके में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाते हुए आईईडी ब्लास्ट कर दिया। दरअसल, सारंडा के घने जंगल में हुए आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ 60वीं बटालियन के जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान हेड कांस्टेबल (जीडी) महेंद्र लश्कर ने बीती रात वीरगति प्राप्त की। शहीद जवान असम के रहने वाले थे। वहीं, इंस्पेक्टर (जीडी) केके मिश्रा और एएसआई (जीडी) रामकृष्ण गगराई घायल अवस्था में अपोलो अस्पताल, राउरकेला में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल जवान रामकृष्ण गागराई खरसावां के विधायक दशरथ गागराई के भाई हैं।

व्यर्थ नहीं जाएगा बलिदान

सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, शहीद जवान महेंद्र लश्कर के निधन पर पूरे बल में शोक की लहर है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि जवान का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। घटना की जांच जारी है, और सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है।

देर शाम हुई मुठभेड़

पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच शुक्रवार की देर शाम मुठभेड़ हुई, जहां सुरक्षाबल नक्सली गतिविधियों पर नजर रखने और सक्रिय अभियानों के लिए मौजूद थे। इस दौरान कई राउंड फायरिंग हुई और कुछ जवान घायल हो गए।

पिछले महीनों में बढ़ी आईईडी घटनाएं

सुरक्षा बलों और आम जनता को पिछले महीनों में सारंडा क्षेत्र में आईईडी विस्फोटों से भारी नुकसान हुआ है।
8 अगस्त को सीआरपीएफ की 209वीं कोबरा बटालियन के दो जवान, राम प्रवेश सिंह और छोटू कश्यप, आईईडी विस्फोट में घायल हुए थे।
@ 22 मार्च 2025 को सीआरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार मंडल और हेड कांस्टेबल पार्थ प्रतिम डेका आईईडी विस्फोट में घायल हुए।
@12 अप्रैल 2025 को झारखंड जगुआर के एक कांस्टेबल की भी आइईडी विस्फोट में मृत्यु हुई, जबकि एक अन्य जवान घायल हुआ।
@ हाल ही में सारंडा क्षेत्र में तीन हाथी आइईडी विस्फोट की चपेट में आए। इनमें से दो की मौत हो गई, जबकि एक की स्थिति गंभीर बनी है।
@ सारंडा वन क्षेत्र में नक्सलियों पर लगाम लगाने सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं, ताकि ग्रामीणों और वन्यजीवों की सुरक्षा रहें।