नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के कारण भारत में हड़कंप मचा हुआ है, क्योंकि देश में कुकिंग गैस की शॉर्टेज हो गई है। हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई गैस एजेंसियों ने रोक दी है। क्योंकि तेल कंपनियों के पास सिर्फ 2 दिन की गैस का स्टॉक बचा है। हालातों को देखते हुए मुंबई-बेंगलुरु में आज से 10 प्रतिशत होटल-रेस्टोरेंट बंद रखने की घोषणा हुई है।
कामकाजी लोगों और स्टूडेंट्स की टेंशन बढ़ी
वहीं पुणे में 18 शवदाह गृह अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। इसका असर उन कामकाजी लोगों और स्टूडेंट्स पर पड़ेगा, जो घरों से बाहर रहते हैं और खाने के लिए होटलों या रेस्टोरेंट पर निर्भर करते हैं। शवों का अंतिम संस्कार करना भी मुश्किल हो सकता है। अगर गैस खत्म हो गई और नई सप्लाई नहीं आई तो घरों में भी कुकिंग गैस का संकट गहरा जाएगा, जिस वजह से लोगों के लिए खाना पकाना मुश्किल हो जाएगा, जो जीने के लिए बेहद जरूरी चीज है।
नेशनल एसोसिएश की केंद्र सरकार से अपील
नेशनल रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने भी केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। एसोसिएशन का कहना है कि केंद्र सरकार बार-बार कह रही है कि कुकिंग गैस की सप्लाई पर अभी कोई संकट नहीं है। अगर ऐसा नहीं है तो गैस की सप्लाई क्यों रोकी गई है। तेल कंपनियों ने भी कहा था कि 70 दिन तक गैस की सप्लाई में कोई बाधा नहीं आएगी, लेकिनप गैस सप्लाई का अचानक बंद होना होटल उद्योग के लिए एक बड़ा झटका है।
गैस संकट पर केंद्र सरकार ने दिया बड़ा आदेश
देश में गहराए LPG संकट पर पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने एक आदेश जारी किया है। तेल कंपनियों से गैस का उत्पादन बढ़ाने का कहा है। कंपनियों को साफ कहा गया है कि अतिरिक्त गैस का उत्पादन और इस्तेमाल सिर्फ घरेलू LPG की जरूरतों को पूरा करने के लिए ही किया जाएगा। बाहर से मंगाई गई LPG की सप्लाई सिर्फ अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को दी जाएगी। रेस्टोरेंट, होटल और अन्य इंडस्ट्री की समीक्षा के लिए एक कमेटी बनाई गई है।
गोरखपुर-वाराणसी में सिलेंडर डिलीवरी रुकी
बता दें कि उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और वाराणसी में पेट्रोलियम कंपनियों ने 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोक दी है। घरेलू सिलेंडर की सप्लाई में 20 से 25 फीसदी तक की कटौती हुई है।
पुणे में 18 शवदाह गृह अस्थायी रूप से बंद हुई
महाराष्ट्र के पुणे में नगर निगम की ओर से संचालित LPG से अंतिम संस्कार करने वाले 18 शवदाह गृहों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। आयुक्त नवल किशोर राम ने बताया कि गैस की सप्लाई बाधित होने से समस्या आई है। इलेक्ट्रिक शवदाह गृह पूरी तरह चालू हैं।