Home » देश » महाराष्ट्र की 29 नगर-निगम में वोटिंग जारी, मतदान केंद्रों के बाहर लगीं लाइनें,मुंबई पर टिकीं नजरें

महाराष्ट्र की 29 नगर-निगम में वोटिंग जारी, मतदान केंद्रों के बाहर लगीं लाइनें,मुंबई पर टिकीं नजरें

मुंबई। महाराष्ट्र में आज गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 29 नगर निगमों, जिनमें हाई-प्रोफाइल बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) भी शामिल है, उसके चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। राज्य में मतदान के साथ ही सभी की नजरें मुंबई. . .

मुंबई। महाराष्ट्र में आज गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 29 नगर निगमों, जिनमें हाई-प्रोफाइल बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) भी शामिल है, उसके चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। राज्य में मतदान के साथ ही सभी की नजरें मुंबई पर टिकी हैं, जहां देश की सबसे अमीर नगर निकाय बीएमसी पर कब्जे के लिए भाजपा-नेतृत्व वाली महायुति और एकजुट हुए ठाकरे चचेरे भाइयों-राज और उद्धव-के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।

3.48 करोड़ मतदाता 16 जनवरी को परिणाम तय करेंगे

इन निकाय चुनावों में कुल 893 वार्डों की 2,869 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। करीब 3.48 करोड़ मतदाता 15,931 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। केवल बीएमसी में ही, जिसका वार्षिक बजट 74,400 करोड़ रुपये से अधिक है, 227 सीटों के लिए लगभग 1,700 उम्मीदवार मैदान में हैं। चार साल की देरी के बाद ये चुनाव कराए जा रहे हैं।
सभी 29 नगर निगमों के चुनावों की मतगणना 16 जनवरी को होगी। ये निकाय चुनाव छह साल से अधिक के अंतराल के बाद हो रहे हैं, क्योंकि 2020 से 2023 के बीच विभिन्न कानूनी और प्रशासनिक अड़चनों के कारण इन स्थानीय निकायों का कार्यकाल समाप्त हो गया था।

मतदान केंद्रों के बाहर लगीं लाइनें

इस बार के चुनाव में सबकी निगाहें देश के सबसे बड़े और समृद्ध नगर निकाय बीएमसी के रिजल्ट पर टिकी हैं। बीएमसी में बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन और ठाकरे बंधुओं के मोर्चे के बीच दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद है। 227 वार्डों वाली बीएमसी पर बीते 25 सालों से शिवसेना का कब्जा है। 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद पहली बार हो रहे BMC चुनाव मुंबई में ठाकरे परिवार के दबदबे की भी परीक्षा लेंगे।

बीएमसी चुनावों में पहले 2 घंटों में 6.98 फीसदी वोटिंग

बीएमसी चुनावों के लिए सुबह 7:30 बजे से शुरू हुए पोलिंग में पहले 2 घंटों (9:30 बजे तक) औसतन 6.98% मतदान दर्ज किया गया। पश्चिमी उपनगरों के वार्ड नंबर 18 में सबसे ज्यादा 11.57% वोटिंग हुई, जबकि पूर्वी उपनगरों के वार्ड नंबर 162 में सबसे कम 1.68% मतदान रहा। मतदान शाम 5:30 बजे तक चलेगा, और परिणाम कल 16 जनवरी को आएंगे। शहर में 227 वार्डों में करीब 1,700 उम्मीदवार मैदान में हैं, और 1 करोड़ से ज्यादा मतदाता वोट डाल रहे हैं।

'भाजपा की जीत होगी ऐसा मुझे विश्वास है' : गडकरी 

महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव 2026 पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मतदान के बाद कहा, ‘भाजपा की जीत होगी ऐसा मुझे विश्वास है। अच्छा बहुमत मिलेगा। नागपुर शहर को हमने देश का सबसे सुंदर, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त शहर बनाने का संकल्प किया है, हम इसमें कामयाब होंगे।’

भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने किया मतदान

भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने मतदान के बाद कहा, ‘मैं मुंबईकर से विनती करती हूं कि सभी को वोट देना चाहिए। ये मुंबई के सभी नागरिकों के लिए जरूरी है। अगर आपको सुरक्षा, प्रगति, अच्छी हवा चाहिए, गड्ढा मुक्त सड़क चाहिए तो हमें जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी। मताधिकार का उपयोग करेंगे तो शहर और अच्छा होगा।’

महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने डाला वोट

महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 के लिए मतदान करने के बाद कहा, ‘मैंने अपने मत के अधिकार का उपयोग किया है। मैंने सुबह जल्दी अपने कर्तव्य का पालन किया है। मैं सबसे अपील करता हूं कि मतदान करने जरूर आएं। भाजपा विकास करेगी, इसी को लेकर लोग मतदान करेंगे।’

हर व्यक्ति को मतदान जरूर करना चाहिए’

मतदान करने के बाद दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा, ‘यह एक ऐसा मौका जहां आप अपनी राय मतदान के जरिए रख सकते हैं। हर व्यक्ति को मतदान जरूर करना चाहिए। मतदान करना सभी के लिए महत्वपूर्ण है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम