नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। अमेरिका और इस्राइल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ईरान पर हवाई हमले किए थे, जिनमें ईरान के कई शहर निशाने पर आए। आज फिर ईरान की राजधानी तेहरान के विभिन्न हिस्सों में लगातार जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं हैं। हालात लगातार बदल रहे हैं और क्षेत्र में संभावित बड़े संघर्ष का खतरा बढ़ गया है। नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता जारी है।
3 अमेरिकी सैनिकों की मौत
ईरान ने इजरायल के साथ ही पूरे मिडिल ईस्ट में बड़े पैमाने पर हमले किए हैं। कुवैत में ईरान के मिसाइल हमले में 3 अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई है, जबकि 5 गंभीर घायल हुए हैं। इजरायल में ईरानी मिसाइलों की चपेट में आकर कई लोग मारे गए हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान की नई लीडरशिप ने बात करने की इच्छा जताई है और वह ऐसा करने की योजना बना रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने 48 ईरानी नेताओं को मारने का दावा किया और कहा है कि आखिरी लक्ष्य हासिल करने तक ईरान पर हमले जारी रहेंगे।
ईरान के सनंदज में अमेरिका-इस्राइल के हमलों में दो लोगों की मौत
ईरान की न्यूज एजेंसी के अनुसार, केंद्रीय शहर सनंदज में हमले के दौरान कम से कम दो लोग मारे गए। रिपोर्ट में बताया गया कि शहर को शत्रु की मिसाइलों द्वारा निशाना बनाया गया और शहर के पुलिस स्टेशन के पास कई आवासीय इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गईं। एजेंसी ने कहा कि अमेरिकी और इस्राइली सेनाओं ने शहर के विभिन्न हिस्सों में छह मिसाइलें दागीं, जिनमें घनी आबादी वाले इलाके भी शामिल थे।
ईरान के कर्मानशाह हवाई अड्डे के पास भारी धुएं के बादल दिखाई दिए
ईरान के कर्मानशाह शहर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास से भारी धुएं के बादल उठते हुए देखे गए हैं। स्थानीय जनता द्वारा साझा किए गए वीडियो में इमारतों के पीछे से धुएं का गुबार आसमान में फैलता दिखाई दे रहा है, जिससे क्षेत्र की गंभीर स्थिति का संकेत मिलता है।
लेबनान पर इस्राइली हवाई हमलों में कम से कम 31 की मौत, दर्जनों घायल
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस्राइल के हवाई हमलों में कम से कम 31 लोग मारे गए और 149 लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय ने कहा कि घायल लोगों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।
कुवैत में मिना अल अहमदी रिफाइनरी में मलबे गिरने से दो कर्मचारी घायल
कुवैत न्यूज एजेंसी के अनुसार, कुवैत सिटी के पास मिना अल अहमदी रिफाइनरी में मलबा गिरने से दो कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं। यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब खाड़ी में अमेरिकी परिसंपत्तियों पर ईरानी हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। कुवैत और बहरीन में एयर रैड सायरन बजाए गए, जबकि कतर की राजधानी दोहा और संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में धमाके सुने गए।
कुवैत में अमेरिकी F-15 जेट का पायलट जिंदा
कुवैत में दुर्घटनाग्रस्त हुए अमेरिकी एफ-15 फाइटर जेट का पायलट जिंदा है। कुवैत से एक वीडियो सामने आया है जिसमें उसे दिखाया गया है। स्थानीय लोगों ने उसे अपनी कार में बैठाया हुआ है। वे अमेरिकी पायलट को सुरक्षित जगह पर ले जा रहे हैं। यह हादसा कैसे हुआ, इसका खुलासा नहीं हो पाया है।