सहारनपुर। सरसावा के कौशिक विहार कॉलोनी में बंद मकान के अंदर मंगलवार सुबह एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिले हैं। एसपी देहात पुलिस टीम के साथ पहुंचे और जांच की। प्राथमिक जांच में मामला सुसाइड का माना जा रहा है। मौके पर पुलिस को मकान के अंदर ताले लगे मिले। शव पर गोली के निशान है। मृतकों में बुजुर्ग महिला, पति, पत्नी और उनके दो बच्चे है।
मृतकों में अशोक, उनकी पत्नी अंजिता, मां विद्यावती और दो बेटे कार्तिक व देव हैं। इनके शरीर पर गोली के निशान हैं। पास में तीन तमंचे पड़े मिले हैं। अशोक तहसील कर्मचारी (अमीन) थे। मामला हत्या–आत्महत्या में उलझा है। शव पोस्टमार्टम को भेजे।
सीने और माथे पर गोली के निशान
प्रारंभिक जांच में अशोक के सीने पर और बच्चों के माथे पर गोली के निशान हैं। मां और पत्नी को भी गोली लगी है. ऐसे में पुलिस हत्या और आत्महत्या एंगल पर जांच कर रही है। पुलिस अफसर और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। घर को सील कर दिया है. अशोक को अपने पिता की मौत के बाद उनकी जगह मृतक आश्रित कोटे में में नौकरी मिली थी। वो नकुड़ तहसील में काम करते थे।
शांत स्वभाव का था परिवार
बेटा देव कस्बे के MTS पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था। जबकि, कार्तिक नकुड़ के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ाई कर रहा था। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार शांत स्वभाव का था। किसी से कोई विवाद नहीं था. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इस परिवार के साथ हुआ तो हुआ क्या।
नजदीक से मारी गई है गोली’
मौके पर पहुंचे सहारनपुर के SSP/DIG आशीष तिवारी ने बताया- सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो पांचों डेड बॉडी एक ही कमरे के अंदर पाई गईं। मृतक अशोक राठी जो अमीन के पद पर तैनात थे, उनकी मां, उनकी पत्नी और दो बेटे सभी के शव वहां मिले। अशोक राठी के शव के पास से तीन कंट्री मेड पिस्टल बरामद हुए हैं। ये लाइसेंसी नहीं हो सकते। पॉइंट ब्लैक रेंज (नजदीक से) से गोली मारी गई है। मुआयना करने के बाद प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का लग रहा है। फॉरेसिंक टीम तथ्यों को जुटा रही हैं। शवों का पंचायतनमा भरके पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।जल्दी ही केस का खुलासा किया जाएगा।