कानपुर। मेरे पति के कई अफेयर हैं…वह कई लड़कियों के साथ रहते हैं। दहेज के लिए मुझसे मारपीट की। मानसिक रूप से मुझे प्रताड़ित किया गया। कई बार मुझे भूखा रखा गया। बीमारी में भी जबरन मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाए। मॉडलिंग से होने वाली मेरी कमाई तक रख ली। परेशान होकर मैंने सुसाइड अटेम्प्ट किया। यह कहना है IPL क्रिकेटर अमित मिश्रा की पत्नी गरिमा तिवारी का।
कानपुर कोर्ट में केस दर्ज कराया
गरिमा तिवारी ने अमित मिश्रा के खिलाफ कानपुर कोर्ट में केस दर्ज कराया है। गरिमा ने कोर्ट में कहा कि अमित के कई लड़कियों से कॉन्टैक्ट हैं। वह उनके सामने ही उन लड़कियों से फोन पर कॉल और चैट करते थे। अमित मिश्रा के रसूख के चलते मेरी FIR तक दर्ज नहीं की गई। पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बावजूद केस दर्ज नहीं किया गया। मैंने मजबूर होकर कोर्ट का रास्ता अपनाया। गरिमा तिवारी का कहना है कि मुझे 1 करोड़ रुपए हर्जाना चाहिए। गरिमा अमित मिश्रा पर अब तक 3 केस दर्ज करवा चुकी हैं।
बिरहाना रोड निवासी गरिमा के अनुसार, उनकी मुलाकात साल 2019 में किदवई नगर स्थित आरबीआई कॉलोनी में रहने वाले अमित मिश्रा से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत का सिलसिला बढ़ते-बढ़ते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब ढाई से तीन साल तक रिश्ते में रहने के बाद 26 अप्रैल 2021 को दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया।
ससुराल वाले मारते हैं ताने
गरिमा का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति अमित और उनके परिवार के सदस्य दहेज को लेकर ताने देने लगे। उन्होंने बताया कि सास बीना मिश्रा, ससुर शशिकांत मिश्रा, जेठ अमर मिश्रा, जेठानी रितु मिश्रा और ननद स्वाती मिश्रा छोटी-छोटी बातों पर उन्हें अपमानित करते थे।
पीड़िता के मुताबिक, ससुराल पक्ष ने दहेज में होंडा सिटी कार और 10 लाख रुपए की मांग रखी। गरिमा ने बताया कि उनके माता-पिता ने किसी तरह 2.50 लाख रुपए का इंतजाम कर ससुराल वालों को दिया, लेकिन इसके बाद भी मांगें कम नहीं हुईं।
शराब पीकर मारपीट का आरोप
गरिमा ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति शराब पीकर कई बार उनके साथ मारपीट करते थे और उन्हें कई बार खाना तक नहीं दिया जाता था। उन्होंने बताया कि बीमारी के समय भी पति ने उनका ख्याल नहीं रखा और जबरन संबंध बनाने का दबाव डालते थे। विरोध करने पर उन्हें पीटा जाता था। इतना ही नहीं, मॉडलिंग से होने वाली उनकी कमाई भी उनसे छीन ली जाती थी और कई बार ससुराल वालों ने दबाव बनाकर उनके खाते से अपने खातों में पैसे ट्रांसफर कराए। आपको बता दें अमित मिश्रा IPL में राजस्थान का हिस्सा रहे हैं। उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू नहीं हुआ है।
मामले में गरिमा के वकील करीम अहमद का कहना है कि पीड़िता ने फीलखाना थाने समेत एसीपी, डीसीपी और पुलिस कमिश्नर से शिकायत की थी, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी के प्रभाव के कारण पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। ऐसे में न्याय पाने के लिए सोमवार को कोर्ट में कंप्लेंट केस दाखिल किया गया है।