Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

कालबैशाखी तूफ़ान से वृद्ध महिला की हुई मौत, सैकड़ों चमगादड़ भी मरे

- Sponsored -

- Sponsored -


मालदा। गुरुवार रात में आये कालबैशाखी तूफ़ान के कारण सैकड़ों चमगादड़ मारे गए है। साथ ही एक वृद्ध महिला के ऊपर पेड़ की टहनी टूट कर गिरने से उसकी मौत हो गई। गुरुवार की रात ओल्ड मालदा थाने के एक बड़े इलाके को आधे घंटे की कालबैशाखी ने धराशायी कर दिया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार ओल्ड मालदा थाना के मंगलबाड़ी मिर्जापुर मोड़ के पास एक बड़ा बरगद का पेड़ गिरने से सैकड़ों चमगादड़ों की मौत हो गई है| स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश के बावजूद चमगादड़ों की मौत को इस तरह से नहीं देखा गया। मिर्जापुर क्षेत्र के कुछ निवासी ने कहा कि एक समय में इतनी बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मृत्यु एक अपशगुन है। वही दूसरी ओर ओल्ड मालदा थाना के सहापुर ग्राम पंचायत के बिमल दास कॉलोनी क्षेत्र में पेड़ की टहनी सिर पर गिर जाने से एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान 65 वर्षीय झरना हलदर के रूप में हुई है। वह साहापुर ग्राम पंचायत के बिमल दास कॉलोनी इलाके की रहने वाली थी। वह पेशे से नौकरानी है। उस रात वह काम से घर लौट रही थी। उसी समय बिमल दास कॉलोनी मोड़ में एक घने पेड़ की टहनी आंधी से टूटकर वृद्ध महिला के सिर पर जा गिरी। उसके बाद कुछ स्थानीय लोगों ने घायल महिला को मालदा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस बीच ओल्ड मालदा पंचायत समिति की अध्यक्ष मृणालिनी मंडल मैती ने शुक्रवार की सुबह बिमल दास कॉलोनी क्षेत्र में मृतक के घर पर शोक व्यक्त करने गयी| उन्होंने वृद्धा के परिवार को हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। हालांकि आज इंग्लिशबाजार में कालबैशाखी तूफान की तीव्रता कम थी, लेकिन इसका प्रभाव ओल्ड मालदा सहित व्यापक क्षेत्र में फैल गया है। इसके अलावे इस तूफान में ओल्ड मालदा नगर पालिका क्षेत्र के कई घरों के टिन चाल उड़कर इधर-उधर बिखर गए। कालबैशाखी तूफान के चलते ओल्ड मालदा नगर पालिका समेत संबंधित प्रखंड के व्यापक इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। आपात स्थिति में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने सेवा को सामान्य करने का काम शुरू कर दिया है। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल सेवा मिलने में आम लोगों को परेशानी हो रही है। ओल्ड मालदा नगरपालिका के अध्यक्ष कार्तिक घोष ने कहा कि “गुरुवार की रात कालबैशाखी तूफान और बारिश ने कई इलाकों को नुकसान पहुंचाया है। बिजली गुल होने से पेयजल सेवा ठप हो गई है। स्थिति को सामान्य करने के लिए पूरा स्टाफ काम कर रहा है। इस बीच ओल्ड मालदा प्रखंड के विभिन्न इलाकों में आम के बागों को भी भारी नुकसान हुआ है।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.