नई दिल्ली। आज गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह है। भूपेंद्र पटेल लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में इस बार भारतीय जनता पार्टी ने एतिहासिक जीत हासिल की है। भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। गुजरात के इतिहास में ये पहली बार हुआ है, जब किसी पार्टी को इतनी बड़ी जीत मिली हो।
चुनाव जीतने वालों में 151 ऐसे हैं, जिनके पास करोड़ों की दौलत है। इनमें सबसे ज्यादा भारतीय जनता पार्टी के 131 विधायक हैं। कांग्रेस के 14, तीन निर्दलीय और एक-एक समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी के करोड़पति जीते हैं। आइए गुजरात विधानसभा के दस सबसे अमीर विधायकों से मुलाकात करते हैं…
कितने विधायकों के पास कितनी संपत्ति?
गुजरात विधानसभा में 73 विधायक ऐसे हैं, जिनके पास पांच करोड़ या इससे अधिक की संपत्ति है। 52 विधायकों के पास दो से पांच करोड़, 46 विधायकों के पास 50 लाख से दो करोड़ रुपये तक की संपत्ति है। केवल 11 विधायक ही ऐसे हैं, जिनके पास 50 लाख रुपये से कम की दौलत है। 2017 के मुकाबले करोड़पति विधायकों में बेतहाशा इजाफा हुआ है। 2017 में जीते सभी विधायकों की औसत संपत्ति 8.46 करोड़ रुपये थी, जो इस बार बढ़कर 16.41 करोड़ रुपये हो गई है।
मिलिए दस सबसे अमीर विधायकों से
1. जेएस पटेल (भाजपा) : जयंतीभाई सोमाभाई पटेल यानी जेएस पटेल गुजरात के सबसे अमीर विधायक हैं। भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर गांधीनगर की मनसा सीट से जीत हासिल करने वाले जयंतीभाई के पास कुल 661 करोड़ रुपये से ज्यादा की दौलत है। इसमें 147 करोड़ से ज्यादा की चल और 514 करोड़ रुपये से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल है। जयंतीभाई ने केवल दसवीं तक की पढ़ाई पूरी की है और एक करोड़ 48 लाख की गाड़ी से चलते हैं। पटेल के पास 2.28 करोड़ रुपये के गहने और 514 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी है। इसमें कॉमर्शियल बिल्डिंग, रेशिडेंशियल बिल्डिंग और कृषि उपयोग में लाई जाने वाली जमीन है।
2.बलवंतसिंह चंदनसिंह राजपूत (भाजपा) : दस सबसे अमीर विधायकों की सूची में दूसरे नंबर पर भारतीय जनता पार्टी के ही बलवंतसिंह चंदनसिंह राजपूत हैं। बलवंतसिंह सिद्धपुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीते हैं। राजपूत के पास कुल 372 करोड़ 65 लाख 34 हजार 801 रुपये की संपत्ति है। इसमें 266 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल और 102 करोड़ रुपये से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल है। बलवंत सिंह ने भोपाल से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। इनके बैंक खाते में छह करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम है। 4.81 करोड़ से ज्यादा के गहने हैं। इतनी संपत्ति होने के बावजूद बलवंत के पास खुद की कोई गाड़ी नहीं है। चुनावी हलफनामे के अनुसार बलवंत के पास चार करोड़ से ज्यादा की कृषि भूमि, 22 करोड़ से ज्यादा की नॉन एग्रीकल्चर लैंड है। 32.41 करोड़ रुपये की कॉमर्शियल बिल्डिंग और 43.15 करोड़ रुपये की रेशिडेंशियल बिल्डिंग भी है। जिनका मौजूदा बाजार मूल्य 106 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
3. रमेशभाई वीरजीभाई तिलाला: भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर राजकोट दक्षिण से चुनाव जीतने वाले रमेशभाई वीरजीभाई तिलाला गुजरात के तीसरे सबसे अमीर विधायक हैं। तिलाला के पास 175 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। इसमें 19 करोड़ चल और 156 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है। अकेले 153 करोड़ रुपये के व्यवसायिक प्लॉट, कृषि भूमि और बंगले हैं। 175 करोड़ का मालिक होते हुए भी रमेशभाई के पास खुद की कोई गाड़ी नहीं है, न ही इनके पत्नी के नाम कोई गाड़ी दर्ज है। रमेशभाई ने 7वीं तक ही पढ़ाई की है।
4. पबुभ विरंभ मानेक: द्वारका से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतने वाले पबुभ विरंभ मानेक गुजरात के सबसे अमीर विधायकों की सूची में चौथे नंबर पर हैं। मानेक के पास कुल 115 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। 29 करोड़ चल तो 86 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल है। पबुभ विरंभ मानेक ने भी ज्यादा पढ़ाई नहीं की है। अपने चुनावी हलफनामे में बताया है कि इन्होंने केवल तीसरी कक्षा तक की पढ़ाई की है। पबुभ के पास 82 लाख से ज्यादा के गहने और 1.45 करोड़ की पांच लग्जरी गाड़ियां हैं। 86 करोड़ रुपये के जमीन और घर हैं।
5. धर्मेंद्रसिंह रानुभा वाघेला (निर्दलीय) : भारतीय जनता पार्टी की आंधी में निर्दलीय ताल ठोककर भी जीत हासिल करने वाले धर्मेंद्र सिंह रानुभा वाघेला पांचवें सबसे अमीर विधायक हैं। धर्मेंद्र रानुभा के पास कुल 111 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में धर्मेंद्रसिंह ने गुजरात की वाघोडिया सीट से चुनाव लड़ा था। धर्मेंद्र सिंह ने दसवीं तक की पढ़ाई की है। धर्मेंद्र के बैंक खातों में दो करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम है। धर्मेंद्र के पास 13 करोड़ रुपये से ज्यादा रकम की 106 गाड़ियां हैं।
6. रिवाबा जडेजा: क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा गुजरात की छठवीं सबसे अमीर विधायक बन चुकी हैं। जामनगर उत्तर से भाजपा के टिकट पर जीत हासिल करने वाली रिवाबा के पास कुल 97 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। इनमें 75.18 करोड़ रुपये की चल तो 22 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल है। रिवाबा के पास बड़े बंगले हैं। इसके अलावा करीब एक करोड़ रुपये के गहने हैं। इसमें सोना, चांदी, हीरे के गहने शामिल हैं। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में रिवाबा ने बताया है कि उनके पास कुल 34.80 लाख रुपये के सोने के गहने हैं। इसके अलावा 14.80 लाख रुपये के हीरे और आठ लाख रुपये के चांदी के गहने हैं। रवींद्र जडेजा के पास 23.43 लाख रुपये के सोने के गहने हैं। रिवाबा ने डिप्लोमा किया है।
7. मावजीभाई मगनभाई देसाई : बनासकांठा से निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले मावजीभाई मगनभाई देसाई गुजरात के सातवें सबसे अमीर विधायक बन चुके हैं। मावजीभाई के पास कुल 63.46 करोड़ से ज्यादा की दौलत है। इनमें 27.66 करोड़ रुपये की चल और 35.75 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल है। मावजीभाई भी केवल दसवीं तक ही पढ़े हैं।
8.बाबूभाई जमनादास पटेल: अहमदाबाद की दस्करोई सीट से चुनाव जीतने वाले बाबूभाई जमनादास पटेल आठवें सबसे अमीर विधायक हैं। बाबूभाई ने भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर जीत हासिल की है। इनके पास कुल 61.47 करोड़ रुपये से ज्यादा की दौलत है। केवल दसवीं पास पढ़ाई करने वाले बाबूभाई के पास कोई गाड़ी नहीं है।
9. जनकभाई तलविया: अमरेली की लाठी सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतने वाले जनकभाई तलविया नौवें सबसे अमीर विधायक हैं। जनकभाई के पास कुल 58.13 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। जनकभाई के पास चार लग्जरी गाड़ियां हैं। 1.21 करोड़ से ज्यादा की चल और 56.92 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति इनके पास है। जनकभाई ने 12वीं तक पढ़ाई की है।
10.कांतिभाई हिम्मतभाई बलार: गुजरात के दसवें सबसे अमीर विधायक कांतिभाई हिम्मतभाई बलार हैं। सूरत उत्तर से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतने वाले कांतिभाई के पास कुल 54.07 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। इन्होंने केवल चौथी कक्षा तक पढ़ाई की है।