डेस्क। बीते हफ्ते गोवा में हुए एक रूसी डांसर और रूसी आर्टिस्ट की हत्या में अब चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गोवा का यह डबल मर्डर अचानक से सीरियल किलिंग में तब्दील होता दिख रहा है।
क्या गोवा में पकड़ा गया है सीरियल किलर
चार्ल्स शोभराज तो याद ही होगा आपको! वही सीरियल किलर, जिसे बिकिनी किलर का नाम दिया गया। अपने खूबसूरत बीच और पर्यटकों की मस्ती के लिए मशहूर गोवा में भी शोभराज ने कई अपराध किए। इसी गोवा से अब एक और कथित सीरियल किलर पकड़ा गया है। शोभराज की तरह ये भी विदेशी ही है। इस रूसी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन इसके गुनाहों के खुलासे होने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई है।
37 साल की रशियन डांसर एलेना कास्तानोवा की हत्या
इस सीरियल किलर की कहानी शुरू होती है दो हत्याओं की जांच के साथ। दो महिलाएं..एक ही नाम..एक ही उम्र और एक ही अंजाम। यहां तक कि मारने वाला शख्स भी एक। गोवा के आरमबोल इलाके में 37 साल की एक रशियन डांसर एलेना कास्तानोवा (Elena Kasthanova) की हत्या हुई। किराए के घर से उसकी लाश मिली, जिसके हाथ पीछे की ओर रस्सी से बंधे हुए थे। साफ पता चल रहा था कि मरने से पहले महिला के साथ मारपीट हुई और उसने बचने के लिए खूब संघर्ष किया। पुलिस सबूत खंगालने लगी, लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि यह कोई आम हत्या नहीं बल्कि सीरियल किलिंग है।
एक महीने पहले गोवा आई रशियन महिला की हत्या
पुलिस जांच में जुटी हुई थी। तभी पता चला कि एक और रशियन महिला और बबल परफोर्मर एलेना वनीवा (Elena Vaneeva) की हत्या हुई है। 37 साल की एलेना करीब एक महीने पहले ही गोवा आई थी और 14 से 15 जनवरी के बीच मारी गई। कुछ ही दिनों के भीतर 2 हत्याओं ने पुलिस को चौंका दिया। जांच में एक और बात खुलकर सामने आई। दो हत्याएं..नाम एक..नागरिकता एक..उम्र एक और पैटर्न भी एक। दोनों हत्याओं को एक ही तरह से अंजाम दिया गया था। इससे यह यकीन हो गया कि इन दोनों हत्याओं का कोई तो कॉमन कनेक्शन है। इस कॉमन कनेक्शन का नाम था- एलेक्सी लियोनोव।
कौन है ये सीरियल किलर
एलेना कास्तानोवा और एलेना वनीवा की तरह लियोनोव भी रूस का ही है। तीनों मिलकर गोवा में इवेंट्स में अपनी कला का प्रदर्शन किया करते थे। कास्तानोवा जहां डांसर थी, वहीं वनीवा साबुन के झाग से बबल आर्ट दिखाती। खुद लियोनोव फायर से अपनी कलाकारी पेश करता था। तीनों एक-दूसरे को जानते थे। इसलिए पुलिस ने लियोनोव को दबोच लिया। इसके बाद खुलासे होते चले गए। पता चला कि लियोनोव 2023 में भारत आया था। दिल्ली में लियोनोव और कास्तानोवा के बीच दोस्ती हुई और दोनों गोवा में लिव-इन में रहने लगे।
दो लड़कियों के साथ लिव-इन रिलेशन
लियोनोव पुलिस कस्टडी में जो खुलासे कर रहा है, उसे पचा पाना पुलिस के लिए भी मुश्किल हो रहा है। उसने यह भी दावा किया है कि वो एक साथ दोनों रूसी महिलाओं के साथ लिव-इन में था। एलेना तो कुछ ही हफ्तों पहले गोवा आई थी। लियोनोव का दावा है कि डांसर एलेना कास्तानोवा पर उसे शक था कि वो किसी दूसरे शख्स के साथ रिलेशन में है। इसलिए उसे मार डाला। जबकि एलेना वनीवा के साथ पैसों को लेकर झगड़ा हुआ।
2 नहीं 5 मर्डर
यही नहीं लियोनोव ने पुलिस कस्टडी में एक और चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसका कहना है कि उसने 2 नहीं बल्कि 5 मर्डर किए हैं। माना जा रहा है कि इनमें से एक महिला भारतीय हो सकती है। 40 साल की असम की एक महिला की लाश 14 जनवरी को मिली थी, जिसकी मौत सामान्य नहीं थी। गोवा पुलिस यह जांचने में लग गई है कि कहीं ये भी तो लियोनोव का शिकार नहीं बनी। लियोनोव के दावे की सच्चाई का पता लगाने और बाकी महिलाओं की जानकारी जुटाने में पुलिस लगी हुई है।
लिव-इन पार्टनर को दी खौफनाक मौत
शादी व पार्टियों में डांस करने वाली एलेना कास्तानोवा 24 दिसंबर को ही गोवा आई थी। बीते गुरुवार घर से उसकी लाश मिली। लियोनोव ने पुलिस को बताया कि उसने कैसे उसे मौत दी। उसने बताया कि पहले उसने कास्तानोवा के हाथ पीछे से बांध दिए। इसके बाद धारदार हथियार से बेरहमी के साथ उसका गला रेत दिया और तड़प-तड़पकर मरने को छोड़ दिया। दूसरी लिव-इन पार्टनर एलेना वनीवा को भी उसने इसी तरह से मौत के घाट उतारा।
असम की महिला की मौत
गोवा में असम की एक महिला की भी मौत हुई है। इस शख्स ने दावा किया है कि यह भी हत्या उसी ने की है। उसका कहना है कि पहले उसने ड्रग दी और फिर लाठी से ताबड़तोड़ वार किए। अब इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान आने अभी बाकी हैं। इसके बाद ही पूरी कहानी पर से पर्दा उठेगा।