Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

दुखद: नहीं रहे प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित विजय कुमार किचलू , 93 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

- Sponsored -

- Sponsored -


कोलकाता। प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित विजय कुमार किचलू का आज शुक्रवार शाम को निधन हो गया। पंडित विजय कुमार किचलू को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिसके लिए उन्हें कोलकाता के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इस दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पंडित विजय कुमार किचलू 93 साल के थे। उन्हें पद्मश्री और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
अस्पताल के अधिकारी ने बयान में कहा कि पंडित किचलू को हांफने की स्थिति में अस्पताल लाया गया था। इलाज शुरू होने से पहले ही उन्हें दिल का दौरा पड़ा। इसके बाद शाम करीब 6:20 बजे उनका निधन हो गया। साथ ही अस्पताल ने कहा कि गायक को पिछले महीने भी दिल का दौरा पड़ने के बाद इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और दो सप्ताह से उनका इलाज चल रहा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, गायक लंबे समय से हृदय संबंधी समस्याओं और अन्य बीमारियों से पीड़ित थे।
पंडित विजय कुमार किचलू का जन्म साल 1930 में हुआ था। उन्होंने अपने भाई रवि किचलू के साथ मिलकर एक लोकप्रिय शास्त्रीय गायक की जोड़ी बनाई थी। वह 25 वर्षों तक आईटीसी संगीत अनुसंधान अकादमी के संस्थापक और प्रमुख रहे। उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत में उभरती प्रतिभाओं की मदद के लिए संगीत अनुसंधान अकादमी की भी स्थापना की थी। किचलू को 2018 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महान संगीतकार पंडित विजय कुमार किचलू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। ममता बनर्जी ने किचलू के परिवार के सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए इस क्षति को अपूरणीय बताया।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.