Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

भाजपा के एक और विधायक कृष्णा कल्याणी तृणमूल में शामिल

- Sponsored -

- Sponsored -


उत्तर दिनाजपुर : भाजपा के एक और विधायक तृणमूल में शामिल हो गए हैं।  तृणमूल महासचिव पार्थ चटर्जी ने बुधवार को रायगंज से विधायक कृष्णा कल्याणी को दक्षिण कोलकाता के एक निजी होटल में पार्टी का झंडा थमाया ।  इस अवसर पर तृणमूल हिंदी भाषी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और जोरासांको के विधायक विवेक गुप्ता भी उपस्थित थे। गत एक अक्टूबर को, भाजपा ने कृष्ण को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था जिसके बाद उन्होंने इस्तीफे की घोषणा की थी।  अब वह अपनी पुरानी पार्टी में वापस लौट गए हैं। इसके पहले भारतीय जनता पार्टी के चार विधायक तृणमूल में वापस लौट चुके हैं।

कृष्णा ने विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल छोड़ दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने रायगंज विधानसभा से भाजपा का टिकट भी हासिल किया और जीत हासिल की।  लेकिन विधायक बनने के चंद महीनों के भीतर ही उन्होंने रायगंज से सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री देबश्री चौधरी का विरोध करना शुरू कर दिया। रायगंज विधायक ने पार्टी सांसद पर खुलेआम उन्हें हराने की साजिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने अघोषित रूप से पार्टी से नाता तोड़ लिया।

बुधवार को पुरानी पार्टी में वापसी के समय उन्होंने कहा, ‘ ममता बनर्जी जो वादा करती हैं वह करके दिखाती है। उन्होंने वह सब कुछ किया जो उन्होंने कहा था।  मैं इसे देखकर अभिभूत हो गया हूं।  ममता दी और अभिषेक दा को धन्यवाद।”

उन्होंने आगे कहा, “भाजपा में अच्छे काम का कोई मूल्यांकन नहीं है।  मैंने छह महीने पहले गलती की थी।  इस बार मैं इसे ठीक कर रहा हूं।” उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर भी भाजपा की आलोचना की।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.