Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

ममता ने कैबिनेट से 4 मंत्रियों को हटाया : पार्थ के बाद परेश अधिकारी भी नपे, सौमेन, हुमायूं और रत्ना पर भी एक्शन

- Sponsored -

- Sponsored -


कोलकाता। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने बुधवार देर रात अपनी कैबिनेट के 4 मंत्रियों को हटा दिया। इनमें परेश अधिकारी, सौमेन महापात्र, हुमायूं कबीर और रत्ना डे नाग शामिल हैं। परेश अधिकारी शिक्षा भर्ती घोटाले मामले में ईडी के रडार पर हैं। पार्थ चटर्जी की बर्खास्तगी के बाद परेश को हटाने की मांग लगातार उठ रही थी। घोटाले में गिरफ्तार होने के बाद ममता ने 28 जुलाई को पार्थ चटर्जी को बर्खास्त कर दिया था।
अधिकारी पर बेटी को फर्जी तरीके से नौकरी दिलाने का आरोप है
पश्चिम बंगाल माध्यमिक श‍िक्षा बोर्ड के तहत श‍िक्षण और गैर श‍िक्षण पदों पर नियुक्‍तियों के लिए स्‍कूल सेवा आयोग ने (WBSSC) साल 2016 में परीक्षा आयोजित की थी, जिसका रिजल्ट नवंबर 2017 में आया था। इस रिजल्ट में एक परीक्षार्थी बबीता सरकार का भी नाम टॉप 20 में था और उन्‍हें 77 नंबर मिले थे। हालांकि, आयोग ने लिस्ट तुरंत रद्द कर दी और कुछ महीने बाद नई लिस्ट जारी की। नई लिस्ट में बबीता का नाम वेटिंग लिस्‍ट में चला गया।
बबीता से 16 नंबर कम पाने वालीं मंत्री परेश अधिकारी की बेटी अंकिता का नाम सबसे ऊपर आ गया। इसके बाद बबीता के पिता हाईकोर्ट चले गए। इसी साल मई में कलकत्ता हाईकोर्ट ने अधिकारी की बेटी की नियुक्ति रद्द करने का फैसला सुनाया था। कोर्ट ने इस मामले की जांच CBI को सौंप दी थी।
सौमेन को संगठन में भेजा, हुमायूं और रत्ना अभी वेटिंग में
मंत्री पद से हटने वाले सौमेन महापात्र को ममता बनर्जी ने संगठन में भेजा है। उन्हें तृणमूल कांग्रेस के तमलुक जिले का अध्यक्ष बनाया गया है। यह इलाका भाजपा के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है। वहीं, हुमायूं कबीर और रत्ना डे नाग को अभी कोई नई जिम्मेदारी नहीं दी गई है।
विभाग बंटवारे में फिरहाद का कद घटा, बाबुल को मिला पार्थ का विभाग
ममता बनर्जी ने कैबिनेट विस्तार के बाद बुधवार शाम को मंत्रियों के विभाग भी बांट दिए। विभाग बंटवारे में फिरहाद हकीम से परिवहन और हाउसिंग जैसे बड़े विभाग ले लिए गए। वहीं, बाबुल सुप्रियो को IT और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग दिया गया है। इससे पहले ये विभाग पार्थ चटर्जी के पास था।
ममता ने भाजपा से आए बाबुल और लेफ्ट से आए उदयन को भी मंत्री बनाया
पश्चिम बंगाल में 14 महीने बाद बुधवार को ममता बनर्जी कैबिनेट का दूसरी बार विस्तार हुआ। राजभवन में राज्यपाल एल गणेशन ने 9 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। ममता ने 2021 में भाजपा छोड़ तृणमूल में आए पूर्व सांसद बाबुल सुप्रियो और 2014 में लेफ्ट पार्टी छोड़ तृणमूल में आए उदयन गुहा को भी मंत्री बनाया है।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.