टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 5 किमी लंबे रोड शो का सफर तय कर हाजरा पहुंची। वहां मंच पर पहुंचकर ममता ने कहा कि मैंने जीवन में बहुत चोटें खाई हैं लेकिन बंगाल की जनता के दर्द के सामने मेरा दर्द कुछ नहीं है।उन्होंने कहा कि मैं नंदीग्राम के लोगों को सलाम करती हूं। ह्वीलचेयर पर आईं ममता ने कहा कि मेरे पैर में भले ही चोट लगी है तो क्या पर मैं पूरे राज्य का दौरा करूंगी। गौरतलब है कि हजारा में ममता बनर्जी को सुनने के लिए भारी संख्या में लोग इकट्ठा हुए हैं।
घायल बाघ सबसे खतरनाक होता है
ममता ने कहा- अगर लोग हमें वोट देते हैं, तो मैं यह सुनिश्चित करूंगी कि लोकतंत्र उनके पास लौट आए। बंगाल के खिलाफ सभी साजिशों को नष्ट किया जा सकता है। मैं विश्वास दिलाती हूं कि मैं व्हील चेयर पर टूटे पैर के साथ प्रचार करूंगी। खेला होबे। एक घायल बाघ सबसे खतरनाक जानवर होता है।
पार्क स्ट्रीट से शुरू हुआ रोड शो
चोट के बाद पैरों में प्लास्टर लगने के बाद ममता बनर्जी ह्वील चेयर पर बैठकर चुनावी मैदान में फिर उतर चुकी हैं। ममता बनर्जी आज दक्षिणी कोलकाता के हजारा में भारी संख्या में आए लोगों को संबोधित कर रही हैं। वो पार्क स्ट्रीट से रोड शो करती हुई हजारा पहुंची। 5 किमी लंबे रोड शो में ममता के पीछे भारी संख्या में लोग थे।
हम डरपोक लोगों के सामने कभी नहीं झुकेंगे
ममता बनर्जी ने कहा- हम निर्भीक होकर लड़ते रहेंगे।मैं अभी भी बहुत दर्द में हूं, लेकिन मुझे अपने लोगों का दर्द और भी अधिक महसूस होता है। अपनी श्रद्धेय भूमि की रक्षा करने के लिए इस लड़ाई में, हमें बहुत नुकसान हुआ है और हम और अधिक पीड़ित होंगे, लेकिन हम कभी भी डरपोक लोगों के सामने नहीं झुकेंगे।
राज्य की सत्ता पर कौन काबिज होगा यह तो तस्वीर 2 मई को ही नतीजे के साथ साफ होगी। इधर ममता बनर्जी अब पैरों में चोट के बावजूद वो ह्वील चेयर पर ही बैठकर चुनाव प्रचार कर रही हैं। उन्होंने चोट के लिए आरोप लगाते हुए कहा था कि चार लोग आए और उन्हें धकेल गए, जिससे पैर में चोट लग गई। वह रविवार को चुनावी मैदान पर एक बार फिर उतरेंगी। इसके बाद वह 15 मार्च से जनसभा की शुरुआत करेंगी। ममता 15 मार्च को पुरुलिया, 16 मार्च को बांकुरा और 17 मार्च को झारग्राम में रैली करेंगी।