प्रयागराज। निर्देशक और स्क्रिप्ट राइटर सनोज मिश्रा का दावा है कि उन्हें सिर तन से जुदा करने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने आज गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह बात कही है। बता दें कि सनोज मिश्रा ने ही प्रयागराज महाकुंभ से अपनी खूबसूरत आंखों के कारण चर्चा में आईं मेला विक्रेता मोनालिसा को एक्टिंग डेब्यू कराया। हाल ही में मोनालिसा ने एक मुस्लिम युवक से शादी रचाई है। इसे सनोज मिश्रा ने ‘लव जिहाद’ करार दिया है। उन्होंने इसे लेकर बीते दिन लंबा पोस्ट साझा कर दुख जताया था। आज गुरुवार को उन्होंने दावा किया कि उन्हें धमकी मिल रही हैं।
सनोज का आरोप- ‘मोनालिसा का लव जिहाद कराया’
निर्देशक सनोज मिश्रा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया है। इसमें उन्होंने लिखा है, ‘मुझे सिर तन से जुदा करने की धमकी दी जा रही है’। इतना ही नहीं, सनोज ने पीएफआई पर मोनालिसा का लव जिहाद कराने का आरोप भी लगाया है। वे लिखते हैं, ‘पी एफ आई ने जाल बनाकर केरल में मोनालिसा का लव जिहाद कराया’।
मोनालिसा ने केरल जाकर दूसरे धर्म के युवक से रचाई शादी
बीते दिन बुधवार को मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में आईं। इस बार वजह शादी है। उन्होंने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड के साथ परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली है। मोनालिसा के फैसले से उनके परिवारवाले नाराज हैं। वहीं, मोनालिसा ने अपने प्रेमी के साथ विवाह करने के बाद घर छोड़ दिया है। मोनालिसा ने केरल में बॉयफ्रेंड फरमान खान से पहले कोर्ट मैरिज की और फिर मंदिर में जाकर भी शादी की। वहीं इस मामले में लव जिहाद की बात सामने आने के बाद मोनालिसा के बड़े ताऊ वर्षा भोसले ने कई चौंकाने वाली बातें कही हैं। अमर उजाला से खास बातचीत में उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा को एक्टिंग सिखाने के नाम पर केरल बुलाया गया था, लेकिन बाद में अचानक शादी की खबर सामने आ गई।
मोनालिसा की शादी पर सनोज ने दी तीखी प्रतिक्रिया
मोनालिसा महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में माला बेचते समय सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। उनकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से फैले थे, जिसके बाद वह अचानक चर्चा का विषय बन गई थीं। उनकी लोकप्रियता को देखते हुए फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने उन्हें फिल्म में लॉन्च करने की घोषणा भी की थी। इसी बीच मोनालिसा की शादी की खबर सामने आने के बाद निर्देशक सनोज मिश्रा ने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखते हुए इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी।