नई दिल्ली। ईरान और इजराइल-अमेरिका युद्ध के बीच भारत में भी घरेलू गैस की किल्लत दिख रही है। विपक्ष ने भी इसे मुद्दा बनाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस मामले की गूंज संसद के भीतर और बाहर भी सुनाई दे रही है। कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने देश में एलपीजी के कथित संकट को लेकर आज संसद परिसर में प्रदर्शन किया। संसद के मकर द्वार के निकट कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रमुक और कई अन्य विपक्षी दलों के सांसद एकत्र हुए और उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने ‘मोदी जी एलपीजी’ के नारे लगाए।
राहुल गांधी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए
विपक्षी सांसदों ने गैस सिलेंडर की आकृति वाली तख्तियां भी ले रखी थीं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि ईंधन संकट को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है लेकिन वह खुद अलग कारणों से घबराए हुए नजर आ रहे हैं। इससे पहले 11 मार्च को भी विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में गैस किल्लत को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था। इसमें कुछ देर के लिए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी नजर आई थीं।
सरकार ने कहा, गैस की कोई किल्लत नहीं
बता दें कि सरकार ने आश्वस्त किया है कि देश में कहीं भी एलपीजी की किल्लत नहीं है। हालांकि, कुछ जगहों पर लोग गैस सिलेंडर लिए लाइन में नजर आ रहे हैं। बंगलुरू, मुंबई समेत कई शहरों में एलपीजी की दिक्कत के चलते कुछ रेस्टोरेंट बंद होने की खबरें आई हैं। वहीं, नोएडा सहित यूपी के कुछ और शहरों में भी एलपीजी को लेकर लोग परेशान नजर आ रहे हैं।
नोएडा, बलिया सहति कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत
नोएडा में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के चलते लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। सिलेंडर पाने के लिए लोगों को आधा किलोमीटर तक लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। सेक्टर-5 के हरौला में गैस एजेंसी के बाहर आज भी सैंकड़ों लोग खाली सिलेंडर के साथ लंबी लाइन में नजर आए। कुछ लोग यहां सुबह 2 बजे से ही कतार में लगे हुए हैं, लेकिन इतने लंबे इंतजार के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है। कई लोगों की गैस खत्म होने के कारण उनके घरों में खाना तक नहीं बन पा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ रही है। यूपी के बलिया में भी लोग सिलेंडर लिए लंबी लाइन में लगे दिखे।
एलपीजी संकट पर काबू पाने के प्रयास जारी: केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने गुरुवार को कहा कि एलपीजी संकट से निपटने के प्रयास जारी हैं और भारत के लिए अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के रास्ते खुल रहे हैं। गोपी ने संवाददाताओं से कहा कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को संसद में एलपीजी संकट से जुड़े सवालों के जवाब दिए थे। उन्होंने कहा कि कूटनीतिक संवेदनशीलता के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आपूर्ति से जुड़े कुछ मामलों का खुलासा नहीं किया जा सकता।