मुंबई। शिवसेना विवाद की वजह से महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया मोड़ आ गया है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने अपनी जान पर खतरे की आशंका जताते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री को एक चिट्ठी लिखी है। सबसे गंभीर बात ये है कि उन्होंने इस सबके पीछे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे का हाथ होने का दावा किया है। राउत का आरोप है कि शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने उनपर हमला करवाने के लिए सुपारी दी है। राउत की यह भी शिकायत है कि राज्य में सरकार बदलने के बाद उनकी सिक्योरिटी छीन ली गई है। राउत ने राजा ठाकुर नाम के गैंगस्टर पर उनकी सुपारी लेने का आरोप लगाया है। आइए जानते हैं कि राजा ठाकुर उर्फ रविचंद ठाकुर है कौन ?
राउत ने राजा ठाकुर पर लगाया उनकी ‘सुपारी’ लेने का आरोप
उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे ने उनपर हमला करवाने के लिए ठाणे के एक गैंगस्टर को ‘सुपारी’ दी है। शिवसेना सांसद श्रीकांत शंदे पर राउत ने जिस गैंगस्टर को उनपर हमला करवाने का ‘ठेका’ देने का आरोप लगाया है, उसका नाम राजा ठाकुर बताया जा रहा है। संजय राउत ने अपनी जान पर खतरे की आशंका वाली एक चिट्ठी महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भेजी है और उसमें काफी विस्तृत ब्योरा देने का दावा किया है।
सीएम के बेटे श्रीकांत शिंदे पर लगाया ‘सुपारी’ देने का आरोप
राउत ने अपने ऊपर हमले की आशंका जताते हुए फडणवीस को भेजी चिट्ठी में कहा है, ‘मुझे सत्ताधारी दल के विधायकों और गुंडों से कई धमकी भरे कॉल आए हैं। मैंने उनके बारे में आपको पहले ही बता दिया है। आज मुझे अपने सूत्रों से पता चला है कि सांसद श्रीकांत शिंदे, जो कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे हैं, उन्होंने मुझपर हमला करने की सुपारी दी है और इस काम के लिए ठाणे के एक गुंडे राजा ठाकरे को जिम्मा दिया है।’ राउत ने दावा किया है कि उनपर जल्द ही हमला हो सकता है।
राजा टाखुर पर कई हत्याओं के आरोप हैं
अपनी चिट्ठी में उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद उनकी सिक्योरिटी हटा ली गई थी। लेकिन, सवाल है कि राउत को जिस राजा ठाकरे नाम के गुंडे की वजह से डरकर उपमुख्यमंत्री से सुरक्षा की गुहार लगानी पड़ी है, वह है कौन ? एचटी ने लाइव हिंदुस्तान के हवाले बताया है कि रविचंद ठाकुर उर्फ राजा ठाकुर और उसके गैंग पर कई हत्याओं के आरोप हैं। उसका मुंबई के ठाणे, कलवा और मुंब्रा इलाकों में काफी दबदबा है।
जमानत पर बाहर है राजा ठाकुर
2011 में एक और गैंगस्टर दीपक पाटिल की हत्या के मामले में राजा ठाकुर को उम्र कैद की सजा मिल चुकी है। लेकिन, 2019 के अप्रैल में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था। मराठी अखबार लोकसत्ता के मुताबिक 2019 के अक्टूबर में उसे पुलिस के सामने पेश हुए बिना फरार होने की वजह से फिर पकड़ लिया गया था। बाद में उसे फिर जमानत दे दी गई और वह एकनाथ ग्रुप में चला गया।