सफीदों (जींद)। हरियाणा के जिंद जिले में शनिवार को बड़ा हादसा पेश आया। यहां सफीदों में होली के रंग बनाने वाली एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। इस हादसे में पांच महिलाओं की मौत हो गई। कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, फैक्टरी में लगभग 30 मजदूर काम कर रहे थे। साथ ही बताया जा रहा है कि गंभीर घायलों को पानीपत सिविल अस्पताल भेजा गया है। वहीं, मजदूरों ने बताया कि हादसे के समय कंपनी में बाहर की तरफ ताला लगा हुआ था कोई भी मजदूर भागने नहीं पाया।
घायलों को दो एंबुलेंस की सहायता से जींद नागरिक अस्पताल लाया गया। पहली एंबुलेंस से तीन घायलों को अस्पताल लाया गया। इनमें सफीदों निवासी रानी (45) पत्नी अनिल कुमार, जगबीर (40) पुत्र चंद्रभान निवासी आदर्श कॉलोनी सफीदों तथा पवन कुमार (30) पुत्र बालवीर निवासी निसंग, जिला करनाल शामिल हैं। वहीं जगबीर और पवन कुमार को भी उपचार के लिए भर्ती किया गया है।
इसके अलावा सफीदों से ही कश्मीरी (39) पत्नी लाभ सिंह निवासी शिव कॉलोनी तथा कमलेश (54) पत्नी रमेश निवासी गीता कॉलोनी को भी झुलसने की हालत में नागरिक अस्पताल जींद लाया गया। एक अन्य घायल बिमला (60) पत्नी सत कुमार निवासी सफीदों को भी उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जींद पहुंचाया गया।
सफीदों की भाट कॉलोनी में फैक्टरी में काम करने वाली 16 महिलाओं व 2 पुरूषों को जली हालत में बाहर निकाला गया। जिनमें से पांच महिलाओं की मौत हो चुकी है-
- पुजा वासी वार्ड नंबर 13 सफीदो
- उषा पत्नी जगदीश वासी आदर्श कालोनी सफीदो
- पिंकी पत्नी बाबू वासी सिंघपुरा
- गुडडी वासी सफीदो
फिलहाल एक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, मृतक के परिजनों ने सफीदों में सड़क जाम करने की धमकी दी थी, इसके बाद डीसी और एसपी ने मृतक के परिजनों को उचित कार्रवाई व मुआवजे का आश्वासन देकर शांत किया।
मेन गेट था लॉक! दीवार तोड़कर बचाया
इस हादसे के बीच बेहद हैरानी की बात ये सामने आ रही है, जब आग लगी दौरान फैक्ट्री के मेन गेट पर ताला लगा हुआ था। यानि अंदर काम चल रहा था और बाहर से ताला लटका हुआ था। इस कारण भी फैक्ट्री के अंदर मौजूद वर्कर जल्दी से बाहर नहीं निकल सके। बताया जाता है कि आसपास के लोगों ने आनन-फानन में फैक्ट्री की दीवार तोड़कर कई लोगों को बाहर निकाला और उनकी जान बचाई। जानकारी मिल रही है कि ये केमिकल युक्त रंगों की यह फैक्ट्री अवैध तौर से चलाई जा रही थी। अंदर काम चलता था बाहर से गेट पर ताला लगा दिया जाता था।
आग कैसे लगी? जांच की जा रही
रंग फैक्ट्री में अचानक इतनी भीषण आग कैसे लगी? मौके पर पहुंची पुलिस इसकी जांच कर रही है। शुरुवाती तौर पर यही माना जा रहा है कि फैक्ट्री में केमिकल युक्त रंग होने की वजह से आग तेजी से फैली और विकराल रूप से धारण कर लिया। पुलिस का कहना है कि चारो मृतक महिलाओं के शव कब्जे में ले लिए गए हैं और पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही इस हादसे को लेकर पुलिस की जांच जारी है।